दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2027 से पहले बड़ा ऐलान किया है। टीम ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। गांगुली अब दिल्ली कैपिटल्स की कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे और टीम को पहली IPL ट्रॉफी दिलाने की कोशिश करेंगे।
सौरव गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स के साथ रिश्ता नया नहीं है। वह साल 2019 में फ्रेंचाइजी से एडवाइजर के तौर पर जुड़े थे। इसके बाद उन्होंने टीम के क्रिकेट डायरेक्टर की भूमिका भी निभाई और पुरुषों के साथ-साथ महिला टीम के क्रिकेट सिस्टम में भी अहम जिम्मेदारी संभाली।
गांगुली की नियुक्ति के साथ हेमंग बदानी का दो साल का कार्यकाल खत्म हो गया है। दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2026 में छठे स्थान पर अपना अभियान समाप्त किया था। अब टीम को उम्मीद है कि गांगुली का अनुभव और नेतृत्व टीम के प्रदर्शन को नई दिशा देगा।
गांगुली ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और मैनेजमेंट के साथ लंबे समय तक काम किया है। अब उनका लक्ष्य एक मजबूत और निडर टीम तैयार करना है।
गांगुली के लिए यह IPL में किसी फ्रेंचाइजी के हेड कोच के रूप में पहला बड़ा कार्यभार होगा।

