ग्लोबल मार्केट में जारी बिकवाली के दबाव के बीच शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ी गिरावट देखने को मिली। सोना लगातार 9वें कारोबारी सत्र में फिसलकर करीब एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया। मजबूत अमेरिकी डॉलर, बढ़ती बॉन्ड यील्ड और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
शुक्रवार को सोने के भाव में 5200 रुपये की भारी गिरावट
दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना ₹5,200 टूटकर ₹1,29,300 प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गया, जबकि गुरुवार को इसका भाव ₹1,34,500 प्रति 10 ग्राम था। लगातार 9 कारोबारी सत्रों में गिरावट के चलते सोना अब तक ₹17,600 यानी करीब 12 प्रतिशत सस्ता हो चुका है। बता दें कि शनिवार और रविवार को सर्राफा बाजार बंद रहता है।
1.83 लाख रुपये के रिकॉर्ड हाई से 53,700 रुपये सस्ता हुआ सोना
9 नवंबर को सोने का भाव ₹1,46,900 प्रति 10 ग्राम था। अब इसकी कीमत 14 नवंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। उस समय सोना ₹1,29,400 प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा था। वहीं, इस साल जनवरी के अंत में ₹1.83 लाख प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद से सोने की कीमत में अब तक ₹53,700 यानी करीब 29.3 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।
कीमतों में गिरावट से आभूषण खरीदारों के पास अच्छा मौका
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, इस हफ्ते डॉलर के मुकाबले रुपये में 1.5 प्रतिशत से ज्यादा की मजबूती ने घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ाया। वहीं, लेमन के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने बताया कि अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की आशंका, मजबूत डॉलर और ऊंची ट्रेजरी यील्ड के चलते सोने जैसी बिना ब्याज वाली संपत्तियों का आकर्षण कम हुआ है। हालांकि, कीमतों में इस गिरावट को आभूषण खरीदारों के लिए खरीदारी के मौके के तौर पर देखा जा रहा है।
कीमतों में गिरावट से बढ़ी खरीदारी
ऑगमोंट की मुख्य शोध अधिकारी रेनिशा चेनानी के मुताबिक, सोने की कीमतों में गिरावट के चलते इस सप्ताह खरीदारी में तेजी आई है। खासकर शादी-ब्याह के लिए ज्वेलरी खरीदने वाले परिवारों को कम भाव से राहत मिली है। हालांकि, इसके बावजूद सोने की हाजिर मांग अभी भी कमजोर बनी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लगातार 5वें दिन गिरा सोने का भाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में शुक्रवार को तेज गिरावट देखने को मिली। हाजिर सोना $110.24 यानी 3.04% टूटकर $3,515.02 प्रति औंस पर आ गया। यह लगातार पांचवां कारोबारी सत्र रहा, जब सोने की कीमत गिरी। इसके साथ ही भाव 4 सितंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इस साल जनवरी में $5,595.02 प्रति औंस के रिकॉर्ड हाई से सोना अब तक 37% से ज्यादा टूट चुका है। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, सोने के लिए $3,500 प्रति औंस का स्तर अहम सपोर्ट बना हुआ है।

