झारखंड के रामगढ़ की कविता महतो इन दिनों अपने हौसले और संघर्ष को लेकर चर्चा में हैं। कविता ने होमगार्ड भर्ती के ट्रायल में साड़ी पहनकर और नंगे पैर 1600 मीटर की दौड़ पूरी की। खास बात यह रही कि उन्होंने यह दूरी तय समय से काफी पहले पूरी कर सभी को हैरान कर दिया। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी कहानी लोगों तक पहुंची।
कविता के लिए यह दौड़ सिर्फ एक ट्रायल नहीं, बल्कि परिवार के बेहतर भविष्य की उम्मीद थी। उनके पति का करीब तीन साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। घर की आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि दौड़ के लिए जूते और ट्रैकसूट खरीदना भी आसान नहीं था। कविता खेतों और ईंट-भट्ठे पर काम करके परिवार का खर्च चलाती हैं।
कविता ने बताया कि ट्रायल वाले दिन वह बिना कुछ खाए ही मैदान पहुंच गई थीं। आसपास दूसरे उम्मीदवारों को पानी और खाने की चीजें मिलती देखकर उन्हें चिंता हुई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी।
कविता रोज सुबह जल्दी उठकर दौड़ की तैयारी करती हैं। उनका सपना होमगार्ड की नौकरी हासिल कर अपने बच्चों को बेहतर भविष्य देना है। उनकी कहानी बताती है कि मुश्किल हालात के बावजूद मेहनत और हौसला इंसान को आगे बढ़ने की ताकत दे सकता है।

