दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन और धरना-प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए हैं। नए आदेश के मुताबिक, अब जंतर-मंतर की जगह रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड में प्रदर्शन और रैलियां आयोजित की जा सकेंगी।
नई जगह की पहचान के लिए बनाई गई थी कमेटी
दिल्ली पुलिस के आदेश के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने प्रदर्शन के लिए उपयुक्त स्थानों की तलाश करने के लिए एक समिति गठित की थी। समिति को यह सुझाव देना था कि लोगों को अपनी मांगें रखने और विरोध दर्ज कराने के लिए मौजूदा जगहों के अलावा अन्य विकल्प कैसे उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
नियमों और व्यवस्था से जुड़े जारी होंगे नए आदेश
कमेटी की सिफारिशों के बाद जंतर-मंतर के अलावा रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड को भी प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इन स्थानों पर प्रदर्शन की अनुमति और व्यवस्था से जुड़े नियमों के लिए अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। यह नया आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी स्थायी आदेश में आंशिक बदलाव के तहत लागू किया गया है।
जन आंदोलनों के प्रमुख केंद्रों में से एक माना जाता है जंतर-मंतर
दिल्ली का जंतर-मंतर लंबे समय से विरोध प्रदर्शन, धरने और जन आंदोलनों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, कर्मचारियों और छात्रों समेत विभिन्न समूहों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई है। संसद और केंद्र सरकार के प्रमुख संस्थानों के नजदीक होने के कारण भी इस स्थान का खास महत्व रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां विरोध दर्ज कराने पहुंचते रहे हैं। हालांकि, अब जारी नए आदेश के तहत जंतर-मंतर पर प्रदर्शन नहीं किए जा सकेंगे और इसके लिए तीन अन्य स्थान निर्धारित किए गए हैं।
कनॉट प्लेस के पास स्थित है जंतर-मंतर
दिल्ली का जंतर-मंतर कनॉट प्लेस के नजदीक संसद मार्ग पर स्थित है। संसद और केंद्र सरकार के प्रमुख कार्यालयों के करीब होने के कारण यहां होने वाले प्रदर्शन अक्सर राष्ट्रीय राजनीति और चर्चा का हिस्सा बन जाते हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस के नए आदेश के तहत प्रदर्शन के लिए तय किए गए तीनों स्थान शहर के मध्य हिस्से से दूर स्थित हैं।

