दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में लगी भीषण आग के कारण 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं. इस घटना के 24 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को साकेत स्थित मैक्स अस्पताल का दौरा किया. यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल लिया. इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने सोशल मीडिया हैंडल पर अग्निकांड की पीड़ितों की मदद की घोषणा की है.
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, ‘मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आग लगने की दुखद घटना में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए साकेत के मैक्स अस्पताल दौरा किया. उन्होंने घायलों और उनके परिवार के सदस्यों से बातचीत की, इलाज कर रहे डॉक्टरों के साथ चल रहे इलाज की समीक्षा की. इस दौरान अधिकारियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया.’
मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख मुआवजे का ऐलान
CMO ने आगे जानकारी देते हुए लिखा, ‘घायलों के मेडिकल खर्च की व्यवस्था अस्पताल प्रशासन के समन्वय से की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हर मरीज को सर्वोत्तम संभव देखभाल मिले. प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी. जो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं उन्हें 5 लाख रुपए की सहायता राशि मिलेगी. मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है.’ CMO ने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है. हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति मिलने की प्रार्थना करते हैं.
कैसे हुआ था हादसा?
गौर हो कि दिल्ली के मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में पहले शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई थी. ये आग उपरी मंजिल फ्लरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटल तक पहुंच गई. तकरीबन सुबह 8:50 बजे बेसमेंट से आग शुरू हुई और तेजी से फैलते हुए पांचवीं मंजिल तक पहुंच गयी. स्थानीय लोग अंदर फंसे लोगों को बचाने में जुट गए. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम और दमकल विभाग ने आग बुझाने और बचाव का कार्य शरू कर दिया. जानकारी के मुताबिक अब तक इस घटना में 21 लोगों की जान चली गई, जिनमें एक विदेशी नागरिक भी शामिल है.

