अब रेलवे स्टेशन पर मिलेगा मॉल जैसा मजा! डाइनिंग से शॉपिंग तक, यात्रियों को मिलेंगी शानदार सुविधाएं

रेल यात्रियों को अब स्टेशन पर ही मॉल जैसी सुविधाओं का आनंद लेने का मौका मिलेगा। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने 23 अक्टूबर को असम के गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर ‘द टर्मिनल’ का उद्घाटन किया। इस खास जगह को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जहां वे खान-पान, शॉपिंग और मनोरंजन का लुत्फ उठा सकेंगे। पानबाजार के स्टेशन रोड पर पुरानी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) बिल्डिंग के स्थान पर विकसित ‘द टर्मिनल’ यात्रियों, उनके परिवारों और अन्य आगंतुकों के लिए आराम करने और खाने-पीने का सुविधाजनक ठिकाना बनेगा।

रेलवे ने 2.27 करोड़ रुपये में 5 साल के लिए दिया कॉन्ट्रैक्ट
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लामडिंग मंडल ने न्यू इनोवेटिव नॉन-फेयर रेवेन्यू आइडियाज स्कीम (NINFRIS) के तहत इस प्रोजेक्ट को विकसित किया है। इसके जरिए रेलवे की बेकार पड़ी संपत्ति को एक आधुनिक व्यावसायिक और मनोरंजन केंद्र में तब्दील किया गया है। करीब 27,381 वर्गफुट में फैले ‘द टर्मिनल’ को फ्यूजन एज सॉल्यूशन को 5 साल के लिए 2.27 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट पर सौंपा गया है। रेलवे की इस पहल से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ खाली पड़ी संपत्तियों का प्रभावी उपयोग होगा और टिकट बिक्री के अलावा अन्य माध्यमों से भी रेलवे की कमाई बढ़ने की उम्मीद है।

द टर्मिनल में एक ही जगह पर उपलब्ध हैं कई सुविधाएं
‘द टर्मिनल’ में यात्रियों को एक ही छत के नीचे खाने-पीने, खरीदारी और मनोरंजन की सुविधाएं मिलेंगी। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्विक-सर्विस रेस्टोरेंट के साथ स्थानीय हस्तशिल्प, यादगार वस्तुओं और अन्य उत्पादों की खरीदारी के लिए बाजार भी बनाया गया है। बच्चों के मनोरंजन के लिए इनडोर सॉफ्ट प्ले एरिया की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं से यात्रियों और उनके परिवारों के लिए ट्रेन का इंतजार करना अधिक आरामदायक और मनोरंजक होगा। साथ ही, यहां बने बाजार के जरिए स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और उन्हें अधिक ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा।

सुरक्षा, स्वच्छता, अग्निशमन और अन्य सभी इंतजाम
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, ‘द टर्मिनल’ को आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक डिजाइन के साथ तैयार किया गया है। यहां यात्रियों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था, खूबसूरत लाइटिंग, लैंडस्केपिंग और शानदार इंटीरियर देखने को मिलेगा। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे के निर्धारित मानकों के अनुसार स्वच्छता, अग्निशमन और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्रीय कारोबार को बढ़ावा देना और अपनी संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल कर गैर-किराया स्रोतों से राजस्व बढ़ाना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1