उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में थाना ईशानगर के उंचा गांव में आज सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि लखीमपुर से मैजिक गाड़ी सवारी भरकर लखीमपुर से सिसैया जा रही थी, उधर सामने से बहराइच की ओर से आ रहे एक ट्रक ने सामने टक्कर मार दी. घटना के बाद चीख-पुकार मच गयी है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव शुरू कर दिया है.
सीओ खमरिया शमशेर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है. ट्रक चालक मौके से फरार है उसकी तलाश की जा रही है. उधर अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर के मुताबिक यहां दस लोगों को लाया गया था, इनमें नौ की मौत हो चुकी है. मृतकों में 7 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं.
मैजिक में सभी मजदूर सवार थे
जानकारी के मुताबिक मैजिक में सभी मजदूर सवार थे जो लखीमपुर से मजदूरी करके वापस गांव नानपारा जा रहे थे. इससे पहले पीलीभीत-बस्ती हाइवे पर अद्लीसपुर गांव के पास हादसा हो गया. पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है. जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर हादसे पर दुःख जताया है और डीएम एसपी को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव के निर्देश दिए हैं. उन्होंने निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार मिले. इसके अलावा उन्होंने दुर्घटना में हताहत परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
उधर घटनास्थल पर अभी भी अफरा-तफरी का माहौल है, पुलिस ने सड़क यातायात शुरू करवा दिया है. जबकि आरोपी ट्रक चालक का कुछ पता नहीं चल सका है.पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जल्द गिरफ्तारी का दावा है.

