Petrol Diesel News: मिडिल ईस्ट संकट के बीच जहां हर कोई पेट्रोल- डीजल के बढ़ते दाम को लेकर परेशान हैं वहीं एक नई खबर सामने आ रही है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी वायरल हो रहा है, जिसमें ये बताया जा रहा है कि देश में सिर्फ 2 दिनों के लिए पेट्रोल और डीजल बचा है. इस पोस्ट के पीछे कितनी सच्चाई छिपी है ये आप यहां से जान सकते हैं.
वायरल पोस्ट में क्या है?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्ट पर ब्रेकिंग न्यूज लिखा हुआ है. साथ ही ये लिखा हुआ है कि भारत के पास सिर्फ 2 दिन का पेट्रोल बचा है. फ्यूल की कमी देशभर में हो रही है. इसकी वजह से सभी पेट्रोल पंप पर मारामारी हो रही है, जिसमें कई सारे लोग घायल हो गए हैं. साथ ही पोस्ट में ये भी लिखा है कि पेट्रोलियम मिनिस्ट्री ने कल ही ये घोषणा कि है कि देश में सिर्फ 2 दिन का फ्यूल बचा है और इसकी वजह से देशभर में अफरातफरी मची हुई है. सोर्स में एनडीटीवी का नाम भी लिखा गया है.
पीआईबी से जानें सच्चाई
बता दें कि वायरल हो रहे इस पोस्ट का जब पीआईबी ने फैक्ट चेक किया तो इसकी सच्चाई सामने आ गई. असल में ये फेक यानी झूठी खबर है. पीआईबी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘ये दावा झूठा है. देश के पास 60 दिनों का कच्चा तेल भंडार और अतिरिक्त रिफाइनिंग क्षमता मौजूद है. नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे घबराएं नहीं, और ईंधन तथा गैस की उपलब्धता के संबंध में केवल सरकारी स्रोतों द्वारा जारी की गई सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें.’
फर्जी पोस्ट दिखे तो क्या करें?
अगर आपको ऐसी कोई भी फर्जी पोस्ट या फोटो दिखें तो तत्काल कार्रवाई करना जरूरी है ताकि गलत सूचना के प्रसार को रोका जा सके. जिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (जैसे Facebook, X, Instagram, WhatsApp) पर वीडियो दिखा है, वहां उसे तुरंत ‘Spam’, ‘Misleading’, या ‘Fake’ के रूप में रिपोर्ट करें. इसके अलावा आप राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

