कश्मीर घाटी में बढ़ती ठंड के बीच स्कूली छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। शिक्षा विभाग ने साल 2026-27 के लिए शीतकालीन छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। इस बार छुट्टियां चरणबद्ध तरीके से शुरू होंगी। यानी सभी कक्षाओं के स्कूल एक साथ बंद नहीं होंगे।
शिक्षा निदेशालय कश्मीर यानी DSEK की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, प्री-प्राइमरी से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की छुट्टियां 30 नवंबर 2026 से शुरू होकर 28 फरवरी 2027 तक रहेंगी।
वहीं, नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों को 14 दिसंबर 2026 से छुट्टियां मिलेंगी। इन कक्षाओं के लिए शीतकालीन अवकाश 22 फरवरी 2027 तक निर्धारित किया गया है। यह आदेश कश्मीर संभाग के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर लागू होगा।
शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। छुट्टियों के दौरान शिक्षकों को शैक्षणिक गतिविधियों के लिए उपलब्ध रहना होगा। साथ ही स्कूल दोबारा खुलने से चार दिन पहले शिक्षकों को अपनी ड्यूटी पर लौटना होगा, ताकि पढ़ाई शुरू करने की तैयारियां पूरी की जा सकें। इस घोषणा से कश्मीर के हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है।





