देश में Coronavirus के बढ़ते संक्रमण के बीच एक अच्छी खबर गोवा से मिल रही है। गोवा Coronavirus को हराने वाला पहला राज्य बन गया है। गोवा जीरो कोरोना केस वाला स्टेट बन गया है। गोवा में सात कोरोना पॉजिटिव केस थे, लेकिन सभी ठीक होकर घर लौट चुके हैं। गोवा के CM प्रमोद सावंत ने कहा, बड़े गर्व की बात है कि हम जीरो कोरोना केस स्टेट हो गए हैं।
हालांकि गोवा के CM सावंत ने बताया कि राज्य में तीन मई तक लॉकडाउन जारी रहेगा। जिन लोगों को केंद्र के अनुसार छूट मिली है उन्हें ही छूट दी जाएगी और बाकी Lockdown सख्ती के साथ जारी रहेगा। इस खुशी के मौके पर CM ने मैं सभी फ्रंटलाइनर्स और हेल्थवर्कर्स को धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि देश में COVID-19 से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़ कर 507 हो गई जबकि संक्रमण के मामले बढ़ कर 15,712 हो गए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी देश में कोविड-19 से 12,974 लोग संक्रमित हैं जबकि 2,230 लोग उपचार के बाद ठीक हो गए हैं। उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
इन मामलों में 77 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। संक्रमण के कारण देश में हुई कुल 507 मौतों में महाराष्ट्र में सर्वाधिक 211 लोगों की मौत हुई। उसके बाद मध्य प्रदेश में 70, गुजरात में 53, दिल्ली में 42 और तेलंगाना में 18 लोगों की जान गई। संक्रमण से तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 15-15 मौतें हुई हैं जबकि उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में 14-14 लोगों की मौत हुई है।
पंजाब में 13 लोगों की, राजस्थान में 11 और पश्चिम बंगाल में 12 लोगों की मौत हुई है। जम्मू-कश्मीर में पांच लोगों की जान चली गई जबकि केरल और हरियाणा में तीन-तीन मौतें हुई हैं। झारखंड और बिहार में दो-दो मौतें हुई हैं।