देश में Coronavirus को लेकर संवाददाता सम्मेलन में आज स्वास्थ्य मंत्रालय, गृह मंत्रालय और ICMR ने इससे जुड़े नए तथ्य और आंकड़े सामने रखे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कुल मरीजों की संख्या 15712 पहुंच गई है, 507 की मौत हुई है जबकि 2231 मरीज ठीक हुए हैं। 23 राज्यों के 54 जिलों में 14 दिन से कोई नया मामला सामने नहीं आया है। इस दौरान ICMR ने कहा कि अबतक तीन लाख 86 हजार टेस्ट हुए हैं। करीब आठ हजार टेस्ट निजी लैब मेंं भी हुए हैं।
मंत्रालय के मुताबिक, “महाराष्ट्र में सबसे अधिक 211 मौतें हुई हैं, जबकि मध्यप्रदेश में 70 लोगों को इस वायरस ने लील लिया है। वहीं, गुजरात में संक्रमण के चलते 53 और उत्तर प्रदेश व दिल्ली में क्रमशः 14 और 42 लोगों की जान गई है।” देश के 27 राज्य और सभी केंद्र शासित प्रदेशों में से Coronavirus संक्रमण के सबसे अधिक मामले 3651 महाराष्ट्र से ही आए हैं। इसके बाद 1893 मामलों के साथ दिल्ली दूसरे, जबकि 1407 मामलों के साथ मध्यप्रदेश तीसरे स्थान पर है।