श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र (न्यास) ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए योग्य जनों से आवेदन मंगवाए हैं, आवेदन की अंतिम तिथि 18 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 18 जुलाई को शाम 4 बजे तक सीईओ यानी श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए आवेदन कर सकते हैं.
जानकारी के मुताबिक, श्रीराम मंदिर ट्रस्ट ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए आवेदन आमंत्रण की अधिसूचना जारी कर दी है. ट्रस्ट की तरफ से जारी विज्ञापन के अनुसार सीईओ की सेवा अनुबंध की अवधि 3 वर्ष रखी गई है, हालांकि, संतोषप्रद प्रदर्शन के आधार पर नवीनीकरण संभव है. पदस्थापन का स्थान अयोध्या रहेगा.
कितनी मिलेगी सैलरी?
श्रीराम मंदिर ट्रस्ट ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति के लिए आवेदन मंगाए हैं, अगर सीईओ के वेतन या सैलरी की बात करें तो ट्रस्ट सीईओ की सैलरी कितनी होगी इस बात की जानकारी नहीं दी है. हालांकि, ट्रस्ट ने बताया है कि सीईओ की वेतन एवं सुविधाएं परस्पर बातचीत से निश्चित की जाएंगी. ट्रस्ट के अनुसार, सीईओ बनने की न्यूतम योग्यता स्नातक रखी गई है, साथ ही आयु 50 से 70 वर्ष के बीच रखी गई है.
सीईओ बनने के लिए कौन कर सकता है आवेदन
सीईओ बनने के लिए विशाल सार्वजनिक संगठन, संस्था, विभाग, कंपनी के प्रबंधकीय दायित्व में कार्य करने का न्यूनतम 20 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है. यह अनुभव बहु-आयामी (सामान्य प्रशासन, वित्त, लेखा, कार्मिक, जनसंपर्क, आई टी, सुरक्षा, विधि इत्यादि) समन्वय और मार्गदर्शन का हो. मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अथवा मंदिर, हिंदू धार्मिक संस्था के प्रबंधन के अनुभव को वरीयता दी जाएगी. इस प्रकार के अनुभव, कौशल और क्षमता वाले सेवानिवृत अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं.
कहां भेजें आवेदन?
इसके अलावा आवेदक का सक्रिय हिंदू होना अनिवार्य है, साथ ही श्रीरामभक्त वैष्णव होना वांछनीय है. साथ ही हिन्दी और अंग्रेजी का अच्छा ज्ञान अनिवार्य है. आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि एवं समय. 18 जुलाई, 2026 सांयकाल 4 बजे तक निर्धारित की गई है. उम्मीदवार searchcommittee.srjbt@gmail.com पर ईमेल से भेजें.

