महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश जारी है. मौसम विभाग ने अगले दो तीन दिन तक भारी बारिश की संभावना जताई है. मुंबई, पालघर, ठाणे और रायगढ़ में शनिवार (4 जुलाई) के लिए और पालघर में रविवार (5 जुलाई) के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है.
अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी ठाणे, पालघर और रायगढ़ ज़िलों के लिए भी ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है. मॉनसून के देर से आने के बाद इस पूरे हफ्ते मुंबई में तेज बारिश हुई है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
4 और 5 जुलाई को कई जगहों पर होगी बहुत तेज बारिश
शुक्रवार दोपहर को जारी IMD के जिलेवार पूर्वानुमान के अनुसार, 4 और 5 जुलाई को शहर में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ अलग-अलग इलाकों में बहुत ज्यादा बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान के सच होने की संभावना को ‘बहुत ज़्यादा’ बताया गया है.
मुंबई में 6 और 7 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने सोमवार (06 जुलाई) को भी मुंबई में कुछ अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है, जबकि मंगलवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. BMC अधिकारियों के अनुसार, पड़ोसी ठाणे और पालघर ज़िलों में भी शनिवार और रविवार के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है, जहाँ कुछ अलग-अलग इलाकों में बहुत ज़्यादा बारिश होने का अनुमान है. पड़ोसी रायगढ़ जिले के लिए भी शुक्रवार और शनिवार के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है.
पांच घंटे में 70 मिलीमीटर बारिश
महाराष्ट्र के मुंबई में शुक्रवार (03 जुलाई) को लगातार बारिश जारी रही और शहर के कई इलाकों में केवल पांच घंटे में 70 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक वर्षा दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में ‘तेज से बहुत तेज’ बारिश का अनुमान जताया है. नगर निकाय अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक 73.8 मिमी बारिश बांद्रा में हुई. इसके बाद प्रभादेवी में 72.2 मिमी, बांद्रा पश्चिम में 70.8 मिमी और परेल में 69.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी.
तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में भरा पानी
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में भारी बारिश के साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. शहर में शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है और बीच-बीच में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया. अधिकारियों ने हालांकि बताया कि मेट्रो, उपनगरीय रेलवे और बेस्ट बस सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं लेकिन कुछ जगहों पर यात्रियों ने जाम और लोकल ट्रेनों के देरी से चलने की शिकायत की है.

