UAE के डिप्टी PM शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अस्पताल पहुंचकर फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए उनके साहस और जिम्मेदारी निभाने के जज्बे की तारीफ की। बता दें कि फ्लाईदुबई के विमान में हुए हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार ने यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके प्रयासों की वजह से विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाई जा सकी।
राशिद अल मकतूम ने मच्छार से की मुलाकात
UAE के डिप्टी PM शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने X पर पोस्ट के जरिए फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने कैप्टन की बहादुरी, जिम्मेदारी और लोगों की जान की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि UAE के नेतृत्व और देश की ओर से कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी बहादुरी के लिए पूरा सम्मान और प्रशंसा दी जाती है। डिप्टी PM ने कहा कि उन्हें गर्व है कि स्मित मच्छार उनकी टीम और UAE की उस पहचान का हिस्सा हैं, जो दयालुता, शांति और मानव जीवन को महत्व देने के लिए जानी जाती है।
UAE के डिप्टी PM ने स्मित मच्छार से की मुलाकात, बहादुरी की दिल खोलकर तारीफ
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीडियो कॉल के जरिए कैप्टन स्मित मच्छार से बातचीत की थी। इस दौरान स्मित मच्छार ने पीएम मोदी को घटना के दौरान सामने आई परिस्थितियों और अपने अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने यह भी साझा किया कि मुश्किल वक्त में उन्होंने हिम्मत जुटाई और फ्लाइट में सवार यात्रियों की जान बचाने के लिए किस तरह प्रयास किया। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझबूझ की सराहना की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल स्मित मच्छार का दुबई के एक अस्पताल में इलाज जारी है।
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में क्या हुआ था?
दरअसल, बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 ने अचानक इमरजेंसी सिग्नल भेजा। इसके बाद विमान ने 34,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आते हुए 17,000 फीट से अधिक की गिरावट दर्ज की। विमान को सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। इस फ्लाइट में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट के कॉकपिट में को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बावजूद मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और विमान को सुरक्षित लैंड कराया। उनकी सूझबूझ और साहस के चलते विमान में सवार सभी 174 यात्रियों की जान बचाई जा सकी।

