तुलसी विवाह को लेकर लोगों के बीच इस बार तारीख को लेकर काफी कन्फ्यूजन है। कोई 20 नवंबर को तुलसी विवाह बता रहा है तो कोई 21 नवंबर को। ऐसे में आइए जानते हैं कि साल 2026 में तुलसी विवाह कब मनाया जाएगा और पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि के आधार पर तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा। वहीं, 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का व्रत रखा जाएगा। कुछ परिवारों और परंपराओं में एकादशी की शाम को भी तुलसी विवाह कराया जाता है।
नई दिल्ली के पंचांग के अनुसार, द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 22 नवंबर की सुबह 4 बजकर 56 मिनट तक रहेगी। तुलसी विवाह के लिए 21 नवंबर को शाम 5 बजकर 25 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक गोधूलि मुहूर्त शुभ रहेगा।
इस दिन घरों में तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है और भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप के साथ विवाह कराया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। यह पर्व चातुर्मास की समाप्ति और मांगलिक कार्यों की शुरुआत का भी प्रतीक माना जाता है।

