बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा! यूनुस के पुश्तैनी घर में आग, ढाका में बम धमाके; 565 गिरफ्तार

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसा में बदलता नजर आ रहा है। गुरुवार तड़के राजधानी ढाका में कई स्थानों पर कच्चे बम धमाके हुए, जबकि चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी गई। देश के विभिन्न हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़ और बम विस्फोट की घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। हालात को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। यह हिंसा प्रतिबंधित अवामी लीग के देशव्यापी ‘लॉकडाउन’ के आह्वान के बीच हुई। पार्टी का नेतृत्व पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करती हैं। यह बंद हसीना को पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण द्वारा सुनाई गई मौत की सजा की बरसी के मौके पर बुलाया गया था।

यूनुस के पुश्तैनी घर और ग्रामीण बैंक की शाखाओं में आगजनी
चटगांव के पंचलाइश इलाके में अज्ञात हमलावरों ने मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को आग के हवाले कर दिया। इससे पहले भी देश के कई हिस्सों में उनके ग्रामीण बैंक की शाखाओं को निशाना बनाया गया। सिलहट, राजशाही, बरिशाल और फरीदपुर में बैंक की शाखाओं पर देर रात और तड़के हमले किए गए।

ढाका में सुरक्षा कड़ी, 565 लोग गिरफ्तार
ढाका में लगातार हो रहे बम धमाकों और आगजनी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। प्रमुख फ्लाईओवरों पर अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है, जबकि शहर के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर वाहनों की सघन जांच चल रही है। पुलिस संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों और वाहन चालकों से पूछताछ भी कर रही है। BDnews24 की रिपोर्ट के अनुसार, देशव्यापी लॉकडाउन से पहले ढाका में चलाए गए 24 घंटे के अभियान के दौरान पुलिस ने 565 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार देर रात उनके आवास से हिरासत में लिया गया।

BNP और अवामी लीग के समर्थकों में टकराव
बांग्लादेश में BNP और अवामी लीग समर्थकों के बीच हिंसा लगातार बढ़ रही है। नाराइल में एक सड़क मार्च के दौरान झड़प में दो नेताओं की मौत हो गई, जबकि फरीदपुर और पिरोजपुर की हिंसा में BNP के एक स्थानीय नेता और एक परिवहन कर्मचारी की जान चली गई। इस बीच कई पार्टी कार्यालयों और नेताओं की संपत्तियों में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। देश के 64 में से 28 जिलों में कच्चे बम धमाकों और वाहनों को आग लगाने की घटनाएं भी दर्ज की गई हैं।

तारीक रहमान ने लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की
प्रधानमंत्री तारीक रहमान ने अवामी लीग की संभावित वापसी रोकने के लिए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की है। संसद में उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और पराजित फासीवादी ताकत बताते हुए उसके राजनीतिक अंत का आह्वान किया। ‘द डेली स्टार’ के मुताबिक, रहमान ने BNP सांसदों से अपने क्षेत्रों में लौटकर जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय रहने और अवामी लीग का मुकाबला करने के लिए सिर्फ सरकारी मशीनरी पर निर्भर न रहने को कहा।

भारत में रह रहीं शेख हसीना, प्रत्यर्पण की मांग तेज
5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सरकार गिरने पर शेख हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं और फिलहाल यहीं रह रही हैं। बांग्लादेश सरकार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। वहीं, मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में एक विशेष न्यायाधिकरण उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुना चुका है। रिपोर्टों के मुताबिक, हसीना ने दिसंबर में स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटने की बात कही है, जिसके बाद देश में राजनीतिक तनाव और हिंसा बढ़ गई।

1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े स्मारक भी बने थे निशाना
मोहम्मद यूनुस की अगुवाई वाली अंतरिम सरकार के दौरान अवामी लीग को भंग कर दिया गया था और उसके कई नेताओं-कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के ढाका स्थित धनमंडी आवास में आग लगा दी गई और बाद में इस ऐतिहासिक इमारत को कई चरणों में ध्वस्त कर दिया गया। 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े कई स्मारक भी हिंसा का निशाना बने। उस वक्त अंतरिम सरकार के प्रवक्ता शफीकुल आलम ने भीड़ को ‘प्रेशर ग्रुप’ बताया था।

सरकार ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों के जरिए की जाएगी। इस बीच कई जिलों में तनाव बरकरार है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। शेख हसीना के जन्मस्थान दक्षिण-पश्चिमी गोपालगंज में कानून-व्यवस्था संभालने के लिए BGB के हजारों जवानों की तैनाती की गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1