फिल्मी सितारों को मिल रही धमकियों के बीच अभिनेता सैफ अली खान को भी धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड आरोपी जिशान अख्तर का नाम सामने आया है। हालांकि, मुंबई पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी वास्तव में जिशान अख्तर की ओर से दी गई या किसी ने AI समेत अन्य तकनीकों का इस्तेमाल कर ऐसा किया।
इससे पहले तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना समेत कुछ अन्य कलाकारों को भी धमकियां मिल चुकी हैं। इन मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु के 30 वर्षीय IIT ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। जांच में उसके किसी गैंग से जुड़े होने की बात सामने नहीं आई थी।
पिछले साल सैफ अली खान पर चाकू से हुआ था हमल
बता दें कि सैफ अली खान पर 16 जनवरी 2025 की रात मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर में चाकू से जानलेवा हमला हुआ था। आरोपी चोरी के इरादे से घर में दाखिल हुआ था। वह करीब 1:30 बजे बिल्डिंग परिसर में पहुंचा और दीवार व डक्ट पाइप के सहारे ऊपर चढ़कर सैफ के छोटे बेटे जेह के कमरे से जुड़े बाथरूम के रास्ते घर में घुसा। करीब 2:30 बजे घरेलू कर्मचारी एलियामा फिलिप ने उसे बाथरूम में छिपा देखा। आरोपी ने उनसे पैसे मांगे और एक करोड़ रुपये की मांग की। शोर सुनकर घर के लोग जाग गए। सैफ ने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में सैफ की पीठ, गर्दन और हाथों पर गंभीर चोटें आईं, जबकि घर की एक महिला कर्मचारी भी घायल हुईं। करीना कपूर ने बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और सैफ को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई। इलाज के बाद 22 जनवरी 2025 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
सैफ अली खान अटैक केस में बड़ा अपडेट, आरोपी की ऐसे हुई थी गिरफ्तारी; कोर्ट में नर्स ने की पहचान
मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर हमले के मामले में 19 जनवरी 2025 को 30 वर्षीय मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को ठाणे से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बांग्लादेश का नागरिक था और भारत में अवैध रूप से रह रहा था। उसने यहां विजय दास के नाम से पहचान बना रखी थी। जांच एजेंसियों ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और एक लेबर कॉन्ट्रैक्टर से मिली जानकारी के आधार पर उसे पकड़ा था। पुलिस जांच में पता चला कि वारदात के बाद आरोपी ने कपड़े बदले और मुंबई से भागने की कोशिश की थी। शुरुआती जांच में हमले की वजह चोरी की कोशिश बताई गई थी और पुलिस का कहना था कि आरोपी को शायद यह पता नहीं था कि वह सैफ अली खान के घर में दाखिल हुआ है। अप्रैल 2025 में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ करीब 1,600 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें CCTV फुटेज, DNA रिपोर्ट, फिंगरप्रिंट और गवाहों के बयान समेत कई अहम सबूत शामिल किए गए थे। अगस्त 2026 में मुंबई की सेशन कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ आरोप तय किए। आरोपी ने दोष स्वीकार करने और सजा में नरमी की मांग की थी, लेकिन अदालत ने 11 सितंबर को उसकी अर्जी खारिज कर दी। इसके बाद 24 अक्टूबर 2026 से मामले की सुनवाई शुरू हुई। कोर्ट में सैफ के घर पर काम करने वाली नर्स ने आरोपी की पहचान की और घटना के दौरान एक करोड़ रुपये की मांग किए जाने की बात भी दोहराई।

