Stock Market Today 28 April 2026 : मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही और प्रमुख सूचकांक लाल निशान में खुले। बीएसई सेंसेक्स 208.84 अंक यानी 0.27 फीसदी गिरकर 77,094.79 पर पहुँच गया, एनएसई निफ्टी 50 भी 42.80 अंक या 0.18 फीसदी टूटकर 24,049.90 पर खुला। हालांकि, इससे पहले सोमवार को बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी, जब सेंसेक्स 639.42 अंको की मजबूती के साथ 77,303.63 पर और निफ्टी 194.75 अंक चढ़कर 24,092.70 पर बंद हुआ था। शुरुआती कारोबार में आज निवेशकों के बीच मुनाफवसुली का असर नजर आया।
लाल निशान में खुले आधे से ज्यादा कंपनियों के शेयर
मंगलवार को बाजार की शुरुआत में बिकवाली का दबाव दिखा। सेंसेक्स की 30 में से केवल 8 शेयर बढ़त में खुले, जबकि 22 शेयर लाल निशान में रहे। वहीं निफ्टी 50 में सिर्फ 13 कंपनियों में तेजी दिखी, 34 में गिरावट रही और 3 शेयर स्थिर खुले। सेंसेक्स पैक में एलएंटी सबसे ज्यादा बढ़त वाले शेयर रहे,जबकि एसबीआई में सबसे अधिक कमजोरी दर्ज की गई।
मंगलवार को हरे निशान में खुले सेंसेक्स के ये स्टॉक्स
सेंसेक्स में एलएंडटी की अलावा टीसीएस, अडाणी पोर्ट्स, बीईएल, एनटीपीसी, आईसीआईआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर भी शुरुआती कारोबार में मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में खुले। इन शेयरों में 0.03 प्रतिशत से 0.28 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।
एटरनल, एक्सिस बैंक समेत इन शेयरों ने गिरावट के साथ शुरू किया कारोबार
मंगलवार के शुरूआती कारोबार में कई दिग्गज शेयरों पर दबाव देखने को मिला। एटरनल, एक्सिस बैंक, ट्रेंट और इंडिगो में सबसे ज्यादा गिरावट रही,जबकि कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, बजाज फिनसर्व, इन्फोसिस, रिलायंस, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी और भारती एयरटेल समेत कई प्रमुख कंपनियों के शेयर भी लाल निशान में खुले। कुल मिलाकर बाजार की शुरुआत में व्यापक बिकवाली का असर बड़े शेयरों पर साफ नजर आया।
