दिन की शुरूआत सही नाश्ते से करना बेहद जरूरी माना जाता है, क्योंकि सुबह का भोजन शरीर को पूरे दिन के लिए जरूरी उर्जा प्रदान करता है। ऐसे में कई लोग सोचते हैं कि ब्रेकफास्ट में पोहा ज्यादा बेहतर है या पराठा। पीएसआरआई अस्पताल की डायटिशियन हेड शालिनी ब्लिस के अनुसार, इसका सही चुनाव आपकी सेहत,दिनभर की शारीरिक गतिविधि और लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है।
सुबह नाश्ते में पोहा खाने से क्या होता है?
पोहा को हेल्दी और हल्के नाश्ते के रूप में देखा जाता है, क्योंकि यह आसानी से पच जाता है और आमतौर पर कम तेल में तैयार किया जाता है। यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देने वाले कार्बोहाइड्रेट्स का अच्छा स्त्रोत है। इसमें अगर मूंगफली, ताजी सब्जियां और नींबू मिलाया जाए तो इसकी पोषण क्षमता और बढ़ जाती है, जिससे फाइबर, प्रोटीन और जरूरी विटामिन्स भी मिलते हैं। वजन नियंत्रित रखने या पाचन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए पोहा एक संतुलित और बेहतर ब्रेकफास्ट विकल्प हो सकता है।
सुबह नाश्ते के पराठा खाने से क्या होता है?
दूसरी ओर, आलू या पनीर जैसे स्टफ्ड पराठे स्वादिष्ट होने के साथ ज्यादा कैलोरी और फैट वाले होते हैं, क्योंकि इन्हें अक्सर घी या तेल में बनाया जाता है। यह लंबे समय तक पेट भरा रखते हैं और ज़्यादा शारीरिक मेहनत करने वालों के लिए ऊर्जा का अच्छा स्त्रोत बन सकते हैं। हालांकि, यदि आपकी दिनचर्या कम एक्टिव है या आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं,तो पराठे का अधिक सेवन सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
दोनों में क्या है बेहतर?
सेहतमंद नाश्ते के लिए पोहा बेहतर विकल्प माना जा सकता है, जबकि पराठा चुनते समय कम तेल का इस्तेमाल करना और उसके साथ दही या सलाद लेना ज्यादा फायदेमंद रहता है। आखिरकार, वहीं नाश्ता सही है जो आपकी सेहत, शरीर की जरूरत और रोजाना की गतिविधि के हिसाब से संतुलित हो।
डिस्क्लेमर: (यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। किसी भी फिटनेस रूटीन, डाइट में बदलाव या स्वास्थ्य संबंधी उपाय अपनाने से पहले विशेषज्ञ या डाक्टर की सलाह अवश्य लें।)
