रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अलग-अलग अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत की। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि उन्होंने अमेरिका की 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के मौके पर ट्रंप को शुभकामनाएं देने के लिए फोन किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच युद्ध की मौजूदा स्थिति और फ्रंट लाइन पर बने हालात पर विस्तार से चर्चा हुई। जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध समाप्त करने की वास्तविक संभावना मौजूद है और इसमें अमेरिका की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों नेता अंकारा में होने वाले NATO शिखर सम्मेलन के दौरान आमने-सामने मुलाकात कर इस मुद्दे पर आगे की बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए।
90 मिनट तक चली बातचीत
क्रेमलिन के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच शनिवार को करीब 90 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध और उसके शांतिपूर्ण समाधान पर चर्चा की। क्रेमलिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि पुतिन ने ट्रंप और अमेरिकी नागरिकों को अमेरिका की आजादी की 250वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं भी दीं। वहीं, ट्रंप ने एक बार फिर युद्ध जल्द समाप्त कराने और शांति वार्ता को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, उनके दूत स्टीव विटकोफ और जेरेड कुशनर के मध्यस्थता प्रयास जारी रहने की भी जानकारी दी गई।
रूस ने यूक्रेन और यूरोप पर लगाए आरोप
क्रेमलिन के सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप से बातचीत में दोहराया कि रूस अब भी विवाद का समाधान कूटनीतिक तरीके से चाहता है, लेकिन इसके लिए उसकी प्रमुख शर्तों को स्वीकार किया जाना जरूरी है। पुतिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगी संघर्ष को लंबा खींच रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि रूसी सेना मोर्चे पर लगातार बढ़त बना रही है और कई इलाकों में आगे बढ़ने में सफल रही है।
