पिछले साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस हमले में कई निर्दोष लोगों की जान गई थी। अब इसी हमले से जुड़ा एक मामला फिर चर्चा में है। दरअसल, हमले में मारे गए एक व्यक्ति की बेटी की सोशल मीडिया पोस्ट पर एक शख्स ने कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस टिप्पणी के बाद पुलिस ने आरोपी को पहले गिरफ्तार किया और अब उसके खिलाफ UAPA के तहत भी मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने UAPA के तहत दर्ज किया मामला
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कोच्चि निवासी एन. रामचंद्रन की बेटी के वीडियो पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मलप्पुरम के ऐक्करप्पाडी निवासी 26 वर्षीय मुहम्मद सानूफ के खिलाफ UAPA के तहत मामला दर्ज किया गया है। सऊदी अरब से लौटने पर उसे 4 जुलाई को करिपुर हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले भी मुट्टम पुलिस ने इसी मामले में उसके खिलाफ केस दर्ज किया था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता ने दर्ज कराई थी शिकायत
इस मामले में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के एक नेता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुहम्मद सानूफ के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया। सऊदी अरब से लौटते ही उसे करिपुर हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ UAPA के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने और क्या बताया?
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मिले अहम सबूतों के आधार पर आरोपी पर UAPA लगाने का फैसला किया गया। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आगे की पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस रिमांड मांगी जाएगी। साथ ही, मामले की जांच अपराध शाखा या आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) को सौंपे जाने पर भी विचार किया जा रहा है।
राजीव चंद्रशेखर ने गिरफ्तारी को लेकर किया पोस्ट
इस मामले पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने भी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर उन्होंने कहा कि यह चिंताजनक है कि एक युवा पहलगाम आतंकी हमले में केरल के ही एक नागरिक की हत्या पर कथित तौर पर आपत्तिजनक प्रतिक्रिया देता है। उन्होंने इस घटना को गंभीर चेतावनी बताते हुए आरोप लगाया कि यह वर्षों की तुष्टीकरण की राजनीति और कट्टरपंथ का परिणाम है। साथ ही उन्होंने ऐसी राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के विकास और राष्ट्रीय हितों के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
