अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने से वैश्विक बाजारों में हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ईरान के साथ लागू संघर्षविराम (सीजफायर) समाप्त करने की घोषणा के बाद हालात और गंभीर हो गए। इससे पहले होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटना के कुछ ही घंटों बाद अमेरिकी सेना ने बुधवार तड़के ईरान पर सैन्य कार्रवाई की।
इन घटनाओं ने दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने के लिए हुए अंतरिम समझौते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर वैश्विक शेयर बाजारों के साथ-साथ भारतीय मुद्रा पर भी देखने को मिला। ईरान संकट गहराने की आशंका के चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया, जबकि अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ। इसका सीधा असर रुपये पर पड़ा और बुधवार को भारतीय रुपया 59 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.55 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ।
इस कारण टूटा रुपया
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, घरेलू शेयर बाजार में आई कमजोरी का असर रुपये पर भी देखने को मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.15 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 94.98 से 95.61 के बीच उतार-चढ़ाव करता रहा। अंत में यह 59 पैसे की गिरावट के साथ 95.55 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
रुपया मंगलवार को 47 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.96 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार में बड़ी गिरावट से संकट बढ़ा
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कोष प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली के अनुसार, बुधवार को रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर स्तर पर खुला और पूरे कारोबारी सत्र के दौरान इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला। उन्होंने बताया कि शेयर बाजार में गिरावट, डॉलर की मजबूती, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव रुपये पर दबाव की प्रमुख वजह रहे। भंसाली का अनुमान है कि गुरुवार को रुपया 95.25 से 96.00 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार कर सकता है।
डॉलर इंडेक्स में मजबूती
वैश्विक स्तर पर अमेरिकी डॉलर में मजबूती देखने को मिली। छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.11 फीसदी बढ़कर 101.13 पर पहुंच गया। वहीं, घरेलू शेयर बाजार में भी भारी बिकवाली रही। बीएसई सेंसेक्स 1,677.12 अंक की गिरावट के साथ 76,503.60 पर और एनएसई निफ्टी 516.65 अंक फिसलकर 23,882.05 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 6.16 फीसदी उछलकर 78.73 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को 393.19 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।
