बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गोलमाल 5’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म की शूटिंग जोर-शोर से चल रही है और मेकर्स लगातार इससे जुड़े नए अपडेट साझा कर रहे हैं। कुछ समय पहले रोहित शेट्टी ने एक मजेदार वीडियो के जरिए फिल्म की आधिकारिक घोषणा की थी, जिसमें अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और शरमन जोशी की झलक देखने को मिली थी।
इसके बाद निर्देशक ने एक और खास वीडियो जारी कर अक्षय कुमार की फिल्म में एंट्री पर मुहर लगा दी, जिससे फैंस का उत्साह और बढ़ गया। अब फिल्म को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसके मुताबिक साउथ फिल्म इंडस्ट्री की दमदार अभिनेत्री प्रियमणि भी ‘गोलमाल 5’ की स्टारकास्ट का हिस्सा बन गई हैं।
Golmaal 5 में दिखेंगी Priyamani
प्रियमणि इससे पहले रोहित शेट्टी के साथ ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में काम कर चुकी हैं। हालांकि, उस फिल्म में उनका कैमियो था, लेकिन शाहरुख खान के साथ उनका डांस नंबर दर्शकों को खूब पसंद आया था। अब कई साल बाद रोहित शेट्टी और प्रियमणि एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘गोलमाल 5’ में प्रियमणि इस बार एक अहम किरदार निभाएंगी। बताया जा रहा है कि उन्हें फिल्म में मुख्य निगेटिव रोल के लिए चुना गया है। Variety India की रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शेट्टी ने उन्हें फिल्म की विलेन के रूप में कास्ट किया है, जो कहानी में बड़ा ट्विस्ट लेकर आएगी।
वहीं, फिल्म की स्टारकास्ट पहले से ही काफी दमदार मानी जा रही है। अजय देवगन, अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, कुणाल खेमू, शरमन जोशी और अक्षय कुमार के अलावा जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, मुकेश तिवारी और अश्विनी कालसेकर जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिलहाल फिल्म की शूटिंग जारी है और मेकर्स इसे साल 2027 में किसी बड़े त्योहार के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को देखते हुए इस फिल्म से भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं।
Akshay Kumar होंगे Golmaal 5 के सरप्राइजिंग फैक्टर
रोहित शेट्टी ने जब ‘गोलमाल 5’ से अक्षय कुमार का फर्स्ट लुक शेयर किया, तो फैंस की एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ गई। सोशल मीडिया पर उनके लुक को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और कई लोगों ने उन्हें फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज बताया। वहीं, अक्षय कुमार ने भी फिल्म में शामिल होने पर कहा था कि वह हमेशा अच्छी कहानियों और मजबूत प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने रोहित शेट्टी के साथ काम करने के लिए तुरंत हामी भर दी।
