छात्रों के विरोध प्रदर्शन और नीट पेपर लीक मामले को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में देश की शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताएं बढ़ी हैं। उन्होंने छात्रों की ओर से सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें भी रखीं।
राहुल गांधी ने कहा- छात्रों की ये हैं 3 मांगें
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें
- 20 जुलाई को हुए संसद मार्च में जिन लोगों ने छात्रों के साथ मारपीट की है उन्हें जिम्मेदार ठहराया जाए
•प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी छात्रों से माफी मांगें
जो कुछ हुआ, उसके परिणाम भुगतने होंगे
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, प्रधानमंत्री से माफी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की। राहुल ने कहा कि छात्रों का प्रदर्शन देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर है और हालिया घटनाओं की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
पिछले 10 सालों में 152 पेपर लीक
राहुल गांधी ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में देश में 152 पेपर लीक के मामले सामने आए, लेकिन अब तक किसी को सजा नहीं मिली। उन्होंने परीक्षा विवाद को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

