आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में स्थित भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट 1 अगस्त को उद्घाटन के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके उद्घाटन समारोह में शामिल हों। इसी सिलसिले में नायडू आज दिल्ली पहुंचकर पीएम मोदी को औपचारिक निमंत्रण देंगे। इस एयरपोर्ट का आधिकारिक नाम अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखा गया है।
बुधवार को दिल्ली में ही ठहरेंगे मुख्यमंत्री नायडू
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, मनोहर लाल खट्टर और सी.आर. पाटिल से भी मुलाकात कर सकते हैं। वे बुधवार सुबह अमरावती से दिल्ली रवाना होंगे और राजधानी में विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेने के बाद रात वहीं ठहरेंगे। इसके बाद गुरुवार सुबह उनकी राज्य सचिवालय वापसी की योजना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए खास निर्देश
उद्घाटन समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में उत्तर आंध्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई जानी चाहिए। नायडू ने विश्वास जताया कि संचालन शुरू होने के बाद भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर आंध्र के विकास का नया प्रतीक बनेगा।
राज्य की इकोनॉमिक ग्रोथ के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित होगा एयरपोर्ट
भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी GMR स्किल डेवलपमेंट सेंटर, एविएशन हब-यूनिवर्सिटी और GMR-MANSAS एडु सिटी का भी लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह परियोजना राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो लॉजिस्टिक्स और वैश्विक कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी तथा आंध्र प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई गति देगी।
किसानों और जमीन मालिकों को फ्री हवाई यात्रा कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयरपोर्ट परियोजना के लिए जमीन देने वाले किसानों और भू-स्वामियों को विशेष सम्मान दिया जाए तथा उन्हें एक बार निःशुल्क हवाई यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जाए। उन्होंने उद्घाटन समारोह को लेकर ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों के लिए आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की।
10 दिनों तक चलाया जाएगा जागरूकता कार्यक्रम
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को 22 से 31 जुलाई तक भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर व्यापक प्रचार अभियान चलाने और उत्तर आंध्र के जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अवसर का उपयोग प्रसिद्ध अराकू कॉफी की ब्रांडिंग को बढ़ावा देने के लिए भी किया जाना चाहिए, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिला चुके हैं।

