आईपीएल के संस्थापक और इसके पहले चेयरमैन ललित मोदी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से कानूनी विवादों में घिरे ललित मोदी को 21 जुलाई को अदालत से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट से क्लीनचिट मिलने के बाद उन्होंने भारत लौटने का ऐलान किया है। करीब 16 साल से देश से बाहर रह रहे ललित मोदी के इस फैसले ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।
कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए ललित मोदी ने खुशी जताई और कहा कि 16 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद आखिरकार सच सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हमेशा आईपीएल के हित में काम करना था और अब इस अध्याय को पीछे छोड़कर वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहते हैं।
16 साल बाद लौटेंगे भारत
ललित मोदी ने कहा कि वह भारत लौटने को लेकर काफी उत्साहित हैं और लंबे समय बाद देश वापसी का इंतजार कर रहे हैं। उनके अनुसार, वह इस साल के आखिर तक या अगले साल की शुरुआत में भारत आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में उनकी बेटी मां बनने वाली है और सब कुछ सामान्य रहा तो वह जल्द ही भारत लौटेंगे।
बता दें कि ललित मोदी वर्ष 2010 से इंग्लैंड में रह रहे हैं। टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और आईपीएल प्रसारण सौदों में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद उन्होंने भारत छोड़ दिया था। आईपीएल के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन रहे मोदी को अब बड़ी राहत मिली है। SAFEMA के तहत अपीलीय ट्रिब्यूनल ने 2009 के आईपीएल साउथ अफ्रीका FEMA मामले में ईडी के अधिकांश निष्कर्षों और जुर्माने को खारिज कर दिया, जिससे ललित मोदी समेत अन्य अपीलकर्ताओं को राहत मिली है।
यह मामला आईपीएल 2009 के उस सीजन से जुड़ा है, जिसका आयोजन लोकसभा चुनावों के दौरान सुरक्षा कारणों के चलते दक्षिण अफ्रीका में किया गया था। ईडी का आरोप था कि टूर्नामेंट के आयोजन के लिए बीसीसीआई ने करीब 4.98 करोड़ अमेरिकी डॉलर विदेश भेजे थे। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस राशि को विदेश भेजने से पहले आरबीआई की आवश्यक मंजूरी नहीं ली गई थी।

