उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में आयोजित सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा अपने मूल्यों और आदर्शों के आधार पर सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रही है।
बूथ जीता तो चुनाव जीता- CM योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति का मंत्र देते हुए कहा कि चुनाव की असली लड़ाई बूथ स्तर पर होती है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ प्रबंधन, बेहतर योजना और जनता से सीधा संपर्क ही जीत की कुंजी है। योगी ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ को मजबूत करने पर जोर दिया।
हम माफिया को मिट्टी में मिलाने में विश्वास करते हैं’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में हमेशा अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एक पक्ष अराजकता, गुंडागर्दी और विभाजन की राजनीति में विश्वास करता है, जबकि भाजपा सत्य, धर्म, लोक कल्याण और सकारात्मक सोच के रास्ते पर चलने में विश्वास रखती है। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने जो वादे किए, उन्हें पूरा करके दिखाया है।
भाजपा विश्वास का प्रतीक है
गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश की छवि बदली है और अब राज्य को सम्मान और भरोसे की नजर से देखा जा रहा है। उन्होंने इसका श्रेय भाजपा की डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को दिया। योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठ ज्यादा समय तक नहीं टिकता, अंत में सत्य की जीत होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूती से काम करने की अपील की।

