किनझोऊ : दक्षिण चीन के गुआगंशी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र में सोमवार तक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। भारी जलभराव के चलते हजारों वाहन पानी में डूब गए, सड़के दरिया जैसी नजर आने लगीं और घरों दुकानों में पानी भर गया। कई इलाकों में हालत इतने खराब हैं कि लोगों को सड़कों पर नाव का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है।
किनझोऊ में सबसे ज्यादा बारिश
चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, इस भीषण बारिश का सबसे ज्यादा असर किनझोऊ क्षेत्र में देखा गया। स्थानीय मौसम विभाग ने बताया कि किननान जिले के जिउलॉन्ग टाउन में 362.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई , जिसे अत्यधिक भारी वर्षा माना जाता है। सोमवार सुबह सिर्फ एक घंटे (4 बजे तक) में 143.3 मिमी बारिश हुई,जबकि सुबह 6 से 8 बजे के बीच किंझोऊ शहर और आसपास के क्षेत्रों में 200 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। लगातार तेज बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने गंभीर जलभराव की आशंका जताई और सुबह 8 बजे रोड अलर्ट जारी कर दिया।
इन इलाकों में भी हुई भारी बारिश
सुबह 9 से 10 बजे के बीच कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई,जिसमें डोंगचांग में 69 मिमी , नाली में 66 मिमी, चीन-मलेशिया किंझोऊ इंडस्ट्रियल पार्क में 59 मिमी और दाफानपो में 53 मिमी वर्षा शामिल रही। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बादल दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ रहे थे और दोपहर तक किननान जिलों के कई हिस्सों में 20 से 40 मिमी, जबकि कुछ क्षेत्रों में 60 मिमी से अधिक बारिश की आशंका जताई गई। बिजली गिरने, तेज हवाओं, बाढ़, भूस्खलन और शहरी-ग्रामीण जलभराव का खतरा अब भी बना हुआ है।
फ्लूड कंट्रोल इमरजेंसी एक्टिव
बाढ़ की बिगड़ती हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सोमवार सुबह लेवल-lll फ्लूड कंट्रोल इमरजेंसी लागू कर दी। सुबह 6 बजे से किंझोऊ फायर एंड रेस्क्यू टीम को लगातार लोगों के फंसे होने की सूचनाएं मिलने लगीं, जिसके बाद राहत अभियान तेज कर दिया गया। सुबह 11 बजे तक टीम ने जलभराव से जुड़ी 23 आपात कॉल्स पर कार्रवाई करते हुए 25 फायर टर्क और 150 बचावकर्मियों को तैनात किया तथा 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
