भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज 55 साल के पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर अमित शाह को शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम ने उन्हें एक मेहनती व्यक्ति करार दिया, जो भारत को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। अमित शाह के 55वें जन्मदिन पर पीएम मोदी ने ट्वीट किया- ‘कर्मठ, अनुभवी, कुशल संगठनकर्ता और मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी अमित शाह जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। सरकार में बहुमूल्य भूमिका निभाने के साथ ही वह भारत को सशक्त और सुरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु करे और सदा स्वस्थ रखे।’
उनका जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई के संपन्न गुजराती परिवार में हुआ था। उनकी मां का नाम कुसुमबेन और पिता का नाम अनिलचंद्र शाह है। अमित शाह को मौजूदा राजनीति का चाणक्य माना जाता है। बता दें कि अमित शाह की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहली मुलाकात 1986 में हुई थी। यह मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई। अब ये दोनों भारतीय राजनीति की नंबर 1 जोड़ी हैं।