नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में गुरुवार को दिवाली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि 90 के दशक की शुरुआत में उन्हें देशभर में आयोजित दो बड़ी यात्राओं की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मिली थी। पीएम मोदी ने कहा कि उस दौर में प्रेस रिलीज भेजने के लिए भी फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि प्रेस रिलीज से लेकर आज के इंस्टाग्राम रील्स तक उन्होंने मीडिया और मीडिया संवाद में आए बड़े बदलावों को करीब से देखा है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य का भी जिक्र किया।
जब पत्रकारों को पता चली मोदी के CM बनने की खबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पुराने दिनों का एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि कैसे पत्रकारों को उनके गुजरात जाने और मुख्यमंत्री बनने की खबर पहले ही मिल गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय वह 11 अशोक रोड स्थित एक कमरे में रहते थे। अचानक एक दिन कुछ पत्रकार उनके कमरे में पहुंच गए और उनसे मिठाई खिलाने को कहा। पीएम मोदी ने जब इसकी वजह पूछी तो पत्रकारों ने बताया कि वह गुजरात जा रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष स्तर पर मौजूद कुछ लोगों को ही इसकी जानकारी थी, लेकिन पत्रकारों को भी इसकी भनक लग गई थी। पीएम मोदी ने कहा कि बाद में उनकी यह बात सही साबित हुई।
दुनिया बदली और सियासत का तरीका भी बदल गया
पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह किसी रिपोर्टर के एडिटर बनने के बाद मीडिया हाउस में उसकी भूमिका बदल जाती है, उसी तरह सरकार में आने के बाद उनकी जिम्मेदारियां भी बदलती गईं। उन्होंने बताया कि पिछले महीने सरकार के प्रमुख के तौर पर उनके 25 साल पूरे हुए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इन 25 वर्षों में देश, दुनिया और राजनीति करने का तरीका काफी बदल चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी ने मीडिया का स्वरूप पूरी तरह बदल दिया है। पारंपरिक मीडिया के लिए जहां कुछ चीजें आसान हुई हैं, वहीं उसके सामने कई नई चुनौतियां भी खड़ी हुई हैं।
विकसित भारत के लक्ष्य को पाना असंभव नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, उसे देखते हुए विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल नहीं है। उन्होंने देश की हालिया उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के करीब उतरकर इतिहास रचा, वहीं देश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता भी बना है। पीएम मोदी ने चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत ने महज 12 वर्षों में अपनी सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता को 50 गुना से अधिक बढ़ाया है और इसी अवधि में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम भी खड़ा किया है।
छोटे-बड़े कई टारगेट पूरे करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचेंगे
पीएम मोदी ने कहा कि 2047 की डेडलाइन का मतलब यह नहीं है कि भारत को विकसित देश बनने के लिए तब तक इंतजार करना होगा। उन्होंने आजादी के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्ण स्वराज का लक्ष्य भी एक साथ हासिल नहीं हुआ था। उस दौरान छोटे-छोटे लक्ष्य तय किए गए, जिन्हें पूरा करने के बाद लोगों का विश्वास मजबूत हुआ और पूरा देश स्वतंत्रता के संकल्प के साथ एकजुट हो गया। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य भी इसी भरोसे और लगातार प्रयासों से हासिल होगा। इसके लिए देश को छोटे-बड़े कई लक्ष्य पूरे करते हुए आगे बढ़ना होगा। इससे पहले दिवाली के मौके पर पीएम मोदी ने कहा था कि खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। जंगलों से नक्सलवाद खत्म हुआ है, लेकिन ‘दिमागी नक्सली’ अभी भी मौजूद हैं।

