दिल्ली में रहने वाले लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। राजधानी में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर यानी IITF 2026 का आयोजन 14 से 27 नवंबर तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान में किया जा रहा है। इस बड़े आयोजन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ट्रेड फेयर के दौरान आसपास की कई प्रमुख सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिल सकता है।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, रिंग रोड, शेरशाह रोड, पुराना किला रोड, भगवान दास रोड और तिलक मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में जो लोग ट्रेड फेयर नहीं जा रहे हैं, उन्हें इन रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने मथुरा रोड और भैरों मार्ग पर रुकने और पार्किंग करने पर भी रोक लगाई है। इसके अलावा मथुरा रोड पर डब्ल्यू-प्वाइंट से सुब्रमण्यम भारती मार्ग के बीच यू-टर्न की अनुमति नहीं होगी। पुराना किला रोड की तरफ दाएं मुड़ने पर भी पाबंदी रहेगी।
अगर आप ट्रेड फेयर देखने जा रहे हैं, तो पार्किंग के लिए ITPO बेसमेंट, भैरों मंदिर पार्किंग और भारत मंडपम बेसमेंट-2 का इस्तेमाल कर सकते हैं। कैब और ऑटो से आने वाले यात्रियों के लिए भैरों मार्ग के दोनों तरफ 25 निर्धारित पिकअप पॉइंट बनाए गए हैं।
पैदल आने वाले दर्शकों के लिए गेट नंबर 1, 4, 6 और 10 से प्रवेश की व्यवस्था है। वहीं, बाहर निकलने के लिए गेट नंबर 1, 4, 7, 9 और 10 निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस ने लोगों को निजी वाहन के बजाय मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन आयोजन स्थल के सबसे नजदीक है। ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए 1095 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।
इसलिए घर से निकलने से पहले अपना रास्ता जरूर जांच लें और अतिरिक्त समय लेकर चलें।

