राज्यसभा में NDA का पलड़ा हुआ भारी, पहली बार आंकड़ा 100 के पार

देश के 8 राज्यों की 19 सीटों पर हुए राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Election) में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 8 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरा है। अब NDA की संख्या 100 के पार हो गई है। BJP के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के राज्यसभा में पहले 90 सदस्य थे। अब 245 सदस्यीय उच्च सदन में उसकी संख्या बढ़कर 101 हो गई है। BJP के पास राज्यसभा में अब 86 सीटें और कांग्रेस के पास महज 41 सीटें हैं।

अगर अन्नाद्रमुक (09), बीजद (09), वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (06) जैसे दलों का समर्थन और कई संबद्ध नामांकित सदस्यों का समर्थन गिना जाता है तो मोदी सरकार के समक्ष वहां किसी गंभीर संख्यात्मक चुनौती का सामना करने की चुनौती नहीं है। चुनाव आयोग ने 61 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव कराने की घोषणा की थी, जिनमें से 55 सीटों पर मार्च में चुनाव होना था लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसमें देरी हुई। पहले ही 42 सदस्य निर्विरोध चुने गये थे और शुक्रवार को 19 सीटों पर हुए चुनाव में से BJP ने 8 सीटों, कांग्रेस और वाईएसआर कांग्रेस ने 4-4 सीटों और 3 अन्य ने जीत दर्ज की।

मध्य प्रदेश और गुजरात में कांग्रेस के कई विधायकों के दलबदल के कारण BJP ने अपनी संख्या के बल पर कुछ और सीटें जीतीं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि BJP ने 17, कांग्रेस ने 9, BJP के सहयोगी JD(U) ने 3, बीजद और तृणमूल कांग्रेस ने 4-4, अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने 3-3, राकांपा, RJD और TRS ने 2-2 और शेष सीटें अन्य ने जीतीं।

इन 61 नये सदस्यों में से 43 पहली बार चुने गये है जिनमें BJP के ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हैं। दोनों लोकसभा के सदस्य थे, लेकिन 2019 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। पूर्व PM एच डी देवगौड़ा और लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एम थंबीदुरई भी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।

ऊपरी सदन में विपक्ष का संख्या बल अधिक होने के कारण पहले कार्यकाल में मोदी सरकार के विधायी एजेंडे को संसद में अक्सर अड़चनों का सामना करना पड़ता था और पहले कुछ सालों में BJP की तुलना में कांग्रेस के पास अधिक संख्या थी। हालांकि BJP ने विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया और कांग्रेस के हाथ से कई राज्य निकल गये जिससे सदन में सत्ता पक्ष के सदस्यों की संख्या में धीमी लेकिन लगातार वृद्धि हुई।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1