साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच डरबन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम 390 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैट रेनशॉ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 190 रन बनाए, लेकिन वह दोहरा शतक पूरा करने से चूक गए। वहीं, कप्तान पैट कमिंस ने 43 रन और नाथन लियोन ने 27 रनों का योगदान दिया। इस दौरान नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने उतरे नाथन लियोन ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर इतिहास रच दिया।
नाथन लियोन ने नंबर 10 पर बल्लेबाजी करते हुए पूरे किए हजार रन
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में नाथन लायन ने 92 गेंदों का सामना करते हुए 27 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल रहे। इस पारी के साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में नंबर-10 पर बल्लेबाजी करते हुए 1000 रन पूरे कर लिए। ऐसा करने वाले लायन दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं, इस सूची में इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर स्टुअर्ट ब्रॉड दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 825 रन बनाए थे।
गेंदबाजी में भी नाथन लियोन का रिकॉर्ड है शानदार
नाथन लायन ने अपने टेस्ट करियर में अब तक 144 मैचों में 1,705 रन बनाए हैं, जिसमें से 1,019 रन उन्होंने नंबर-10 पर बल्लेबाजी करते हुए बनाए हैं। गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने 143 टेस्ट मैचों में 571 विकेट लिए हैं और 24 बार एक पारी में 5 विकेट हासिल किए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 30.20 और इकॉनमी रेट 2.94 रहा है। इसके अलावा, लायन ने 29 वनडे मैचों में 29 विकेट भी अपने नाम किए हैं।
मैट रेनशॉ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेली जबरदस्त पारी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन मैट रेनशॉ ने 190 रनों की शानदार पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 390 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 397 गेंदों का सामना करते हुए 21 चौके और एक छक्का लगाया। दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने एक विकेट पर 27 रन बना लिए थे। मेजबान टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 363 रन पीछे है।

