मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद को निशाना बनाते हुए तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हालांकि, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया है कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने तीनों मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया।
रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार सुबह रियाद में हवाई हमले को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इस दौरान राजधानी में धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं। कुछ समय बाद सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने खतरा टलने की जानकारी दी।
हूती विद्रोहियों ने भी सोशल मीडिया पर सऊदी अरब के अलग-अलग इलाकों को निशाना बनाने का दावा किया है। इससे पहले 19 नवंबर को रियाद के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड की इमारत को भी नुकसान पहुंचा था।
इस घटनाक्रम के बाद सऊदी अरब और यमन के बीच तनाव और बढ़ गया है। सऊदी गठबंधन ने यमन में हूती ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई भी की है। संयुक्त राष्ट्र ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है। आशंका है कि संघर्ष बढ़ने से आम लोगों और जरूरी सहायता पहुंचाने वाले रास्तों पर असर पड़ सकता है।

