यूपी पंचायत प्रमुख चुनाव : उत्तर प्रदेश प्रखंड पंचायत प्रमुख की 476 सीटों के लिए शनिवार को मतदान समाप्त हो गया। मतदान की प्रक्रिया शनिवार की सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक हुई। मालूम हो कि शुक्रवार को नामांकन वापसी का आखिरी दिन था। इनमें 349 प्रखंडों की सीटों पर निर्विरोध चुनाव हुआ।
लखनऊ और कन्नौज की 8 प्रखंडों की सभी सीटों पर BJP ने जीत दर्ज की है। वहीं, मुरादाबाद की आठ सीटों में 6 और भदोही की 6 सीटों में 3 सीट पर BJP का परचम लहराया है। जबकि, सीतापुर की 19 सीटों में 15 सीटों पर BJP और 3 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है।
हरदोई में 19 प्रखंडों में से 14 सीटों पर BJP ने जीत दर्ज की है। वहीं, समाजवादी पार्टी को एक सीट मिली है। वहीं, 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने परचम लहराया है। जबकि, आगरा की 14 सीटों पर BJP ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। बरौली अहीर में भी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को BJP प्रत्याशी ने शिकस्त दी है।
इधर, BJP नेता ने निर्विरोध निर्वाचित किये गये 349 प्रखंड प्रमुखों में 334 उम्मीदवारों के BJP प्रत्याशी होने का दावा किया है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 289 प्रखंडों में एक-एक आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। वहीं, नामांकन वापसी के अंतिम दिन 187 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिये। जबकि, 68 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किये गये थे।
प्रदेश की 825 प्रखंड प्रमुखों के लिए कुल 1778 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें 476 प्रखंड प्रमुखों के लिए 1174 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रदेश में BJP ने कुल 795 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। पार्टी ने उम्मीद जतायी है कि 650 सीटों से ज्यादा पर BJP जीत दर्ज करेगी।