सैंडपेपर कांड को लेकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। 2018 में सामने आए इस विवाद ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की साख को दुनियाभर में प्रभावित किया था। अब उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में इस मामले से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं, जिसके बाद क्रिकेट जगत में नई बहस शुरू हो गई है।
ख्वाजा के खुलासों के बीच मिचेल स्टार्क ने भी इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने कहा कि आठ साल बाद भी इस मामले को लेकर उनका नजरिया वही है। स्टार्क के मुताबिक, गेंदबाजों को सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और उन्हें गेंद से छेड़छाड़ की इस साजिश के बारे में पता नहीं था।
मिचेल स्टार्क अपने पुराने बयान पर कायम
मिचेल स्टार्क ने उस्मान ख्वाजा की किताब में किए गए सैंडपेपर कांड से जुड़े खुलासों पर ज्यादा ध्यान नहीं देने की बात कही है। उन्होंने 2021 में पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन के साथ दिए संयुक्त बयान को दोहराते हुए कहा कि इस मामले पर उनकी राय आज भी नहीं बदली है। स्टार्क ने स्पष्ट किया कि उन्हें मैदान पर गेंद से छेड़छाड़ के लिए सैंडपेपर के इस्तेमाल की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि आठ साल पुरानी घटना को लेकर भले ही अलग-अलग राय हों, लेकिन वह अब भी अपने पुराने बयान पर कायम हैं।
ख्वाजा की किताब से फिर गरमाया मामला
दरअसल, उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 10 नवंबर को रिलीज हुई है, जिसमें 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे के सैंडपेपर विवाद से जुड़े कई पहलुओं का जिक्र किया गया है। किताब में केपटाउन टेस्ट के अलावा ग्केबेरहा में खेले गए मुकाबले से जुड़ी बातें भी शामिल हैं। हालांकि, ख्वाजा ने वीकेंड पर इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद किसी को मुश्किल में डालना या किसी पर आरोप लगाना नहीं था।

