‘रामायण’ जैसे पौराणिक महाकाव्य पर फिल्म बनाना बड़ी चुनौती है, क्योंकि इससे दर्शकों की धार्मिक आस्थाएं जुड़ी होती हैं। ऐसे में किरदारों को प्रभावी और विश्वसनीय तरीके से पर्दे पर उतारने में कॉस्ट्यूम की अहम भूमिका रहती है। हाल ही में एक इंटरव्यू में कॉस्ट्यूम स्टाइलिस्ट और डिजाइनर सानिया सर्धारिया ने फिल्म में यश के रावण लुक को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि रावण के किरदार के लिए यश को 16 से 20 किलो तक वजन वाले कॉस्ट्यूम पहनने पड़ते थे। वहीं, कुछ मौकों पर इस पोशाक का कुल वजन बढ़कर करीब 33 किलो तक पहुंच जाता था। इतना ही नहीं, रावण का मुकुट भी करीब 1.8 किलो वजन का था।
डिजाइनर ने ‘रामायण’ के यश के कॉस्ट्यूम के वजन पर की बात
इंडिया टुडे से बातचीत में सानिया सर्धारिया ने बताया कि रावण के ज्यादातर कॉस्ट्यूम और ज्वेलरी का कुल वजन करीब 16 से 20 किलो रहता था। हालांकि, कुछ खास लुक के कॉस्ट्यूम इससे कहीं ज्यादा भारी थे। उन्होंने बताया कि लंका से जुड़े रावण के लुक, उनकी शादी के दौरान पहने गए कॉस्ट्यूम और शूर्पणखा की शादी के समय वाले परिधान का वजन करीब 30 से 33 किलो तक था।
रामायण’ में यश के मुकुट का वजन था 1.8 किलोग्राम
सानिया सर्धारिया के मुताबिक, रावण के लुक को तैयार करने में सबसे बड़ी चुनौती उसका मुकुट डिजाइन करना था। उन्होंने बताया कि इसे हल्का बनाने के लिए टीम ने कई तरह के प्रयोग किए और 3D मॉकअप भी तैयार करवाए, ताकि डिजाइन और फिटिंग बिल्कुल सही रहे। इसके बाद मुकुट का वजन कम करने के लिए रिवर्स-इंजीनियरिंग की गई, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद इसे करीब 1.8 किलो से कम नहीं किया जा सका। सानिया ने कहा कि सिर पर इतना वजन संभालना काफी मुश्किल था, भले ही यश के एक्सप्रेशंस में इसकी परेशानी नजर नहीं आती थी।
रामायण’ के रावण के 10वें सिर की कहानी
डिजाइनर सानिया सर्धारिया ने इंस्टाग्राम पोस्ट में रावण के अपने खास डिजाइन के पीछे की सोच भी साझा की। उन्होंने बताया कि रावण के दस सिर उसके व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलुओं, जैसे बुद्धिमत्ता, ज्ञान, महत्वाकांक्षा, शक्ति और भक्ति को दर्शाते हैं। हालांकि, RSY के लॉस एंजिल्स प्रीमियर के लिए डिजाइन तैयार करते वक्त सानिया ने इस प्रतीक को अपने अंदाज में पेश किया। उन्होंने डिजाइन में जानबूझकर सिर्फ नौ सिर रखे, क्योंकि उनका मानना था कि RSY खुद इस डिजाइन का दसवां सिर होंगे।
डिजाइनर क्यों नहीं बनाना चाहती थी रावण का 11वां सिर
सानिया ने आगे बताया कि वह डिजाइन में 11 सिर नहीं रखना चाहती थीं। उनका मकसद ऐसा आभूषण तैयार करना था, जो उसे पहनने वाले शख्स के साथ मिलकर एक पूरा रूप बनाए। इसी सोच के साथ डिजाइन की शुरुआत से लेकर स्केचिंग, मूर्तिकला, बारीक काम और फाइनल टच तक हर चरण पर खास ध्यान दिया गया। उन्होंने आभूषण में नौ सिर रखे, जबकि दसवें सिर के तौर पर इसे पहनने वाले व्यक्ति को दर्शाया। सानिया के मुताबिक, यह डिजाइन पौराणिक कल्पना, रचनात्मकता और रावण को देखने के उनके व्यक्तिगत नजरिए का मेल है।
रामायण’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने पांचवें दिन भारत में 23,911 शोज के जरिए 107.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसमें हिंदी वर्जन की हिस्सेदारी 87.25 करोड़ रुपये रही, जबकि कन्नड़ से 7.50 करोड़, तेलुगु से 6 करोड़, तमिल से 4 करोड़ और मलयालम वर्जन से 2.75 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 346.35 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन 413.90 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, विदेशों में पांचवें दिन 35 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 260 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसी के साथ ‘रामायण’ की वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई बढ़कर 673.90 करोड़ रुपये हो गई है।

