तमिलनाडु के होसूर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की यूनिट में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घटना में तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसे की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। तमिलनाडु सरकार की मंत्री वीएम कीर्तना ने घटना पर दुख जताते हुए मामले की जांच कराने की बात कही है। अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।
ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों- मंत्री
तमिलनाडु सरकार की मंत्री वीएम कीर्तना ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि होसुर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की इकाई में हुई घटना में तीन कर्मचारियों की जान चली गई। उन्होंने जिला प्रशासन से बात कर प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि मामले की गहन जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई होगी। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने पर भी जोर दिया।
फैक्ट्री में आईफोन के पुर्जे बनाए जाते हैं
होसूर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्ट्री में तीन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की मौत के बाद जांच शुरू की जाएगी। इस प्लांट में एप्पल के आईफोन के लिए जरूरी पुर्जों का निर्माण किया जाता है और चीन के बाद इसे कंपनी का अहम मैन्युफैक्चरिंग बेस माना जाता है। राज्य के अधिकारियों और मामले से जुड़े उद्योग जगत के सूत्रों के मुताबिक, सोमवार देर रात हुई इस घटना की जांच एप्पल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और राज्य प्रशासन मिलकर करेंगे। वहीं, तमिलनाडु में इससे पहले तिरुवन्नामलाई जिले में एक सरकारी बालिका आश्रय गृह की चार बच्चियों और उनकी वार्डन की झील में डूबने से मौत हो गई थी।
कैसे हुई 3 लोगों की मौत?
होसूर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्लांट में तीन कॉन्ट्रैक्ट वर्करों की मौत को लेकर जिला अधिकारी दिनेश कुमार ने घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट के मेंटेनेंस के दौरान यह हादसा हुआ। इस प्लांट का संचालन ‘नाल्को वॉटर’ द्वारा किया जाता है, जो अमेरिका की कंपनी ‘इकोलैब’ का हिस्सा है। अधिकारियों के मुताबिक, तीनों कर्मचारी एक बाहरी नैनो-फिल्ट्रेशन टैंक की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गैस के संपर्क में आने और सांस के जरिए गैस अंदर जाने से उनकी मौत हो गई।

