हांग कांग सिक्सेस 2026 टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी 7 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान 25 वर्षीय अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद अब्बास अफरीदी को सौंपी गई है। पिछली बार खिताब जीतने वाली पाकिस्तान की टीम इस बार भी दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ करेगा। इसके बाद उसी दिन टीम का सामना ग्रुप-सी के अपने दूसरे मुकाबले में भारत से होगा। दोनों देशों के बीच यह हाई-वोल्टेज मैच 30 अक्टूबर को मोंग कोक स्थित मिशन रोड ग्राउंड पर खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस की नजरें इस मुकाबले पर टिकी रहेंगी।
टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन है पाकिस्तान
हांग कांग सिक्सेस 2025 में पाकिस्तान ने मोहम्मद अब्बास अफरीदी की कप्तानी में खिताब अपने नाम किया था। उस टूर्नामेंट में अफरीदी ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 5 मैचों में तेज बल्लेबाजी की और कुल 138 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी 3 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं, आक्रामक बल्लेबाज अब्दुल समद ने एक अर्धशतक की मदद से 142 रन बनाकर अपनी छाप छोड़ी थी।
पिछले सीजन में विकेटकीपर-बल्लेबाज ख्वाजा नफे का प्रदर्शन भी शानदार रहा था। उन्होंने तेजी से रन बनाते हुए 151 रन बनाए थे और इस बार भी वह पाकिस्तान की टीम का हिस्सा होंगे। दूसरी ओर, ऑलराउंडर मोहम्मद शहजाद ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित करते हुए कुल 7 विकेट चटकाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 11 रन देकर 3 विकेट लेना रहा था। अब आगामी टूर्नामेंट में पाकिस्तान को इन खिलाड़ियों से एक बार फिर ऐसे ही दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
28 अक्टूबर को हांग कांग के लिए रवाना होगी पाकिस्तान की टीम
पाकिस्तान की टीम 28 अक्टूबर को हांग कांग के लिए रवाना होगी, जहां तीन दिनों तक हांग कांग सिक्सेस टूर्नामेंट खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुपों में बांटा गया है। हर ग्रुप में तीन-तीन टीमें शामिल हैं। पाकिस्तान को ग्रुप-सी में जगह मिली है, जहां उसका मुकाबला भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से होगा। वहीं, इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का ऐलान भी कुछ दिन पहले किया जा चुका है। टीम इंडिया की कमान अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को सौंपी गई है। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर क्रिकेट फैंस की खास नजर रहने वाली है।
हांग कांग सिक्सेस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड
मोहम्मद अब्बास अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, अहमद दानियाल, मुहम्मद इरफान खान, ख्वाजा नफे, मुहम्मद शहजाद और साद मसूद

