पंजाब की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर गठबंधन का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी घोषणा की। इस मौके पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे।
दोनों पार्टियां करीब छह साल बाद फिर से एक साथ चुनाव लड़ने जा रही हैं। इससे पहले सितंबर 2020 में कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों का पुराना गठबंधन टूट गया था।
सबसे बड़ा सवाल यह था कि अगर पंजाब में गठबंधन की सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री किस पार्टी का होगा? इस पर अमित शाह ने साफ संकेत देते हुए कहा कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और बड़े भाई को ही मुख्यमंत्री का पद मिलेगा।
शाह ने यह भी बताया कि बीजेपी और अकाली दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, सीटों का अंतिम बंटवारा अभी घोषित नहीं किया गया है। अब देखना होगा कि छह साल बाद साथ आए दोनों दलों की चुनावी रणनीति क्या रहती है और पंजाब की राजनीति में इसका क्या असर पड़ता है।

