कई लोग शिकायत करते हैं कि वे भरपूर खाना खाते हैं, फिर भी उनका वजन नहीं बढ़ता। दुबलापन एक आम समस्या है, जिससे छुटकारा पाने के लिए लोग अक्सर अनहेल्दी स्नैक्स और फास्ट फूड का सहारा लेने लगते हैं। वजन बढ़ाने की कोशिश में पिज्जा, बर्गर और फ्रेंच फ्राइज जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन बढ़ा देते हैं। हालांकि, इस तरह के फूड्स से शरीर में फैट तो बढ़ सकता है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि वजन बढ़ने का तरीका सेहतमंद भी हो। बाहर से शरीर भले ही भरा हुआ नजर आए, लेकिन अनहेल्दी फैट्स का अधिक सेवन मेटाबॉलिज्म और संपूर्ण स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डाल सकता है। ऐसे में वजन बढ़ाने के लिए सही खानपान और पोषक तत्वों से भरपूर डाइट अपनाना जरूरी है। इसी विषय पर गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. शुभम् वात्स्य ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि दुबलेपन की समस्या से परेशान लोग अपनी डाइट में किन खाद्य पदार्थों को शामिल करके स्वस्थ तरीके से वजन बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं।
क्या कहते हैं डॉक्टर
वजन बढ़ाने के लिए शरीर को उसकी जरूरत से थोड़ी अधिक कैलोरी देना जरूरी होता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आप जंक फूड का सेवन बढ़ा दें। जंक फूड मांसपेशियों को मजबूत बनाने के बजाय पेट के आसपास चर्बी बढ़ा सकता है। इसके अलावा, ज्यादा जंक फूड खाने से पाचन संबंधी कई समस्याएं भी हो सकती हैं।
वजन बढ़ाने के लिए क्या खाएं
दूध के साथ दलिया
दलिया और दूध का कॉम्बिनेशन वजन बढ़ाने के लिए एक पौष्टिक विकल्प है। इसमें कैलोरी, हेल्दी कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, कैल्शियम और फाइबर जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो मांसपेशियों के विकास और स्वस्थ तरीके से वजन बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। दूध में दलिया मिलाकर खाने से एक संतुलित और पौष्टिक भोजन तैयार होता है, जिसे सुबह के नाश्ते में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
केला और पीनर बटर
ये दोनों ही चीजें कैलोरी, हेल्दी फैट्स, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होती हैं, जो मसल मास गेन करने में मददगार साबित होते हैं। केला के साथ पीनट बटर मिलाने से हेल्दी फैट्स, प्रोटीन, मैग्नीशियम मिलता है।
पनीर, दही, लस्सी और ग्रीक योगर्ट
पनीर वजन बढ़ाने के लिए एक अच्छा विकल्प है, क्योंकि इसमें प्रोटीन और फैट दोनों भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। जहां प्रोटीन मांसपेशियों के विकास में मदद करता है, वहीं फैट शरीर को अतिरिक्त कैलोरी प्रदान करता है। इसके अलावा, दही और ग्रीक योगर्ट पाचन को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं। लस्सी और छाछ भी पेट की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। हालांकि, रोजाना मीठी लस्सी पीने से बचना चाहिए, क्योंकि इसमें अतिरिक्त चीनी की मात्रा अधिक हो सकती है।

