Gurugram Police

Gurugram Rains: भारी बारिश के बीच गुरुग्राम पानी-पानी, लोगों को WFH को लेकर एडवाइजरी जारी

गुरुग्राम में मंगलवार को हुई मानसून की बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया, लेकिन बदहाली की हैरान कर देने वाली तस्वीरें सामने आई है. बदहाली की तस्वीरों ने यहां विकास के दावों की पोल खोल दी है. यहां भारी बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है, जिससे सबसे अधिक यातायात प्रभावित हो रहा है. लोग घंटों जाम में फंसे हुए हैं. कहीं सड़क धंसने की खबरें तो कहीं ट्रैफिक की अव्यवस्था ने आम लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है.

ऐसे में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ यानि कि घर से काम करने को लेकर एडवाइजरी जारी की है. ऐसा इसलिए ताकि भारी बारिश के बाद भी ट्रैफिक की व्यवस्था बनी रहे.

WFH को लेकर एडवाइजरी जारी
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, पुलिस ने एडवाइजरी जारी में गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि हम कॉर्पोरेट सेक्टर और निजी संस्थानों से अपील करते हैं कि वो अगले कुछ दिनों तक अपने कर्मचारियों के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ (WFH) की व्यवस्था को महत्व दें. इससे अनावश्यक गाड़ियों की आवाजाही कम करने से हमारी ट्रैफिक मैनेजमेंट टीमों को ट्रैफिक का बहाव बनाए रखने और आपात सेवाओं को बिना किसी रुकावट के जारी रखने में बहुत मदद मिलेगी.

पुलिस के मुताबिक, यह सलाह यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, ट्रैफिक का अनावश्यक बोझ कम करने और सड़क की स्थिति को बेहतर ढंग से संभालने में स्थानीय अधिकारियों की मदद करने के लिए जारी की गई है.

मानसूनी बारिश ने खोली प्रशासन के दावों की पोल
गौर हो कि मंगलवार को गुरुग्राम में दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई बारिश शाम 4 बजे तक जारी रही. इसके बाद जो बदहाली की तस्वीरें सामने आईं उसने प्रशासन की तैयारियों के दावों की पोल खोलकर रख दी. पहले दिन ही लगातार बारिश के कारण अधिकतर सड़कों पर पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक की गति प्रभावित हुई है. बारिश का समय भी ऐसा था जब स्कूलों की छुट्टी हुई थी इसलिए ट्रैफिक की अव्यवस्था से स्कूल बसें और छात्र सबसे अधिक प्रभावित दिखाई दिए. दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-48) पर तो एक स्कूल बस खुले नाले में गिर गई, लेकिन राहत की बात ये रही कि कोई छात्र बस में मौजूद नहीं था.

NH-48 का हिस्सा धंसने के बाद ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-48) का एक बड़ा हिस्सा धंस जाने के कारण भी लोगों को काफी परेशानी हुई. इसके चलते हीरो होंडा चौक और खेड़की दौला टोल प्लाजा के बीच कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और यात्री घंटों जाम में फंसे रहे. इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर इस रास्ते पर चलने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट किया. इस एडवाइजरी में कहा गया कि ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने और दिल्ली से जयपुर जाने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है.

‘VVIP सड़क’ का हाल बेहाल
दूसरी ओर, सिविल लाइन रोड पर भी सड़क धंसने की खबर सामने आई, जिससे वहां खड़ी दो गाड़ियों के टायर बुरी तरह फंस गए. दरअसल, सीवर लाइन बिछाने के लिए इस हिस्से की खुदाई हाल ही में की गई थी और भारी बारिश ने सड़क की हालत और खराब कर दी है.

गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर उत्तम कुमार का घर इसी सड़क पर है, जो सड़क धंसने वाली जगह से करीब 100 मीटर ही दूर है. म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन कमिश्नर प्रदीप दहिया और हरियाणा के मंत्री राव नरबीर का घर भी इसी सड़क के पास हैं. जब ‘VVIP सड़क’ का यह हाल ही बेहाल है तो शहर के बाकी हिस्सों की हालत क्या होगी इसका अंदाजा लगाना कठिन नहीं होगा.

किन इलाकों में जलभराव के कारण लगा ट्रैफिक जाम?
भारी बारिश के बाद जलभराव के कारण लंबे ट्रैफिक जाम वाले इलाकों में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर नरसिंहपुर, बसई, हीरो होंडा चौक, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, राजीव चौक, वाटिका चौक, इफको चौक, उद्योग विहार, सोहना रोड, खांडसा रोड, पुरानी दिल्ली रोड, पटौदी रोड, मिलेनियम सिटी सेंटर से हीरो होंडा चौक तक की सड़क, पुराना गुरुग्राम-दिल्ली रोड, बसई रोड, पुराना रेलवे स्टेशन और नया रेलवे स्टेशन रोड शामिल हैं.

ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात
पुलिसकर्मी तेज बारिश में भी ट्रैफिक को नियंत्रित करने की कोशिश करते दिखे. ट्रैफिक विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग इलाकों में अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया. उन्होंने बताया कि उन्होंने बताया कि पानी जमा होने, सड़कों पर रुकावट और खराब सड़क की मरम्मत के लिए नगर निगम, गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) और दूसरे संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है.

गुरुग्राम में कहां कितनी हुई बारिश
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मंगलवार को गुरुग्राम में अधिकतम बारिश 82 मिमी बारिश दर्ज की गई है. कादीपुर और हरसारू उप-तहसील क्षेत्रों में 82 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि गुरुग्राम तहसील क्षेत्र में 76 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा मानेसर तहसील में 50 मिमी और बादशाहपुर उप-तहसील में 15 मिमी बारिश, वजीराबाद तहसील में 49 मिमी, पटौदी में 26 मिमी, सोहना में 26 मिमी और फर्रुखनगर में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1