अफ्रीकी देश Guinea की राजधानी कोनाक्री में कचरे का पहाड़ ढहने से बड़ा हादसा हो गया। रविवार तड़के शहर के सबसे बड़े लैंडफिल में कचरे का भारी ढेर अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में कई झुग्गियां आ गईं। Guinea सरकार के मुताबिक, हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई।
भारी बारिश के बाद ढहा कचरे का पहाड़
भारी बारिश के चलते सुबह करीब 2 बजे Dar Es Salam इलाके में जमा कचरा खिसकने लगा, जिससे लैंडस्लाइड हो गया। इसकी चपेट में आसपास की कई झुग्गियां आ गईं और मलबे में दब गईं। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाकर लोगों की तलाश की गई। इस घटना में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि कई झुग्गियां पूरी तरह नष्ट हो गईं।
मौके से हटने का नोटिस किया जा चुका था जारी
मिलिट्री इंजीनियरिंग बटालियन के सैनिटेशन ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादौ बाइलो ने बताया कि कोनाक्री के सबसे बड़े खुले कचरा डंप को रविवार को बंद करने की तैयारी थी। इससे पहले आसपास रहने वाले लोगों को जगह खाली करने का नोटिस दिया गया था, जिसके बाद कई परिवार वहां से चले गए थे। हालांकि हादसे के समय भी कुछ लोग इलाके में मौजूद थे।
दूसरी जगह बसाए जाएंगे बाकी परिवार
कोनाक्री में मौके पर मौजूद क्षेत्रीय प्रशासन और विकेंद्रीकरण मंत्री डिएनाबू टुरे ने बताया, “हम यह पक्का करेंगे कि बाकी परिवारों को दूसरी जगह बसाया जाए, उनके रहने का इंतजाम कराया जाएगा।”
मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका
हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है और आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। इससे पहले इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर हुए लैंडस्लाइड में भी 21 लोगों की जान गई थी।

