दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन का असर रेल सेवाओं पर भी देखने को मिल सकता है। यात्रियों को ट्रैफिक जाम के चलते रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने में होने वाली परेशानी से बचाने के लिए भारतीय रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। रेलवे के आदेश के अनुसार, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें अपने शुरुआती स्टेशन से ही नहीं चलेंगी। ऐसे में अगर आप दिल्ली जाने के लिए ट्रेन से सफर करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें, ताकि आपको किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
10 अक्टूबर को सुबह 4 से दोपहर 2 बजे तक असर
रेलवे के कोचिंग निदेशालय ने 9 अक्टूबर को जारी आदेश में ट्रेनों को रद्द करने से जुड़ी जानकारी दी है। इसके मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद शुरुआती स्टेशन से चलने वाली उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया जाएगा, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचना था। रेलवे ने इन ट्रेनों को रास्ते में रोकने के बजाय उनके शुरुआती स्टेशन से ही रवाना नहीं करने का फैसला लिया है। इस निर्णय से संबंधित ट्रेनों में टिकट बुक करा चुके यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है।
कौन की ट्रेनें हुई रद्द
•मुंबई राजधानी एक्सप्रेस (22221)
•तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309)
•संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट (12393)
•अमृत भारत एक्सप्रेस (22361)
•सियालदह राजधानी (12313)
•हावड़ा राजधानी (12301)
•प्रयागराज एक्सप्रेस (12417)
•श्रमशक्ति एक्सप्रेस (12451)
•लखनऊ मेल (12429)
•मुंबई सेंट्रल राजधानी (12951)
क्यों लिया गया ट्रेनों को रद्द करने का फैसला?
रेलवे के अनुसार, 10 अक्टूबर को मध्य दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन के चलते नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम लगने की आशंका है। यात्रियों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए रेलवे ने इस दौरान दिल्ली पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन से ही रद्द करने का निर्णय लिया है। रेलवे ने बताया कि इससे पहले भी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास प्रदर्शन के कारण जाम की स्थिति बन गई थी। उस समय कथित तौर पर करीब 5,000 यात्री समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाए थे और ट्रेन उनके पहुंचने से पहले ही रवाना हो गई थी। ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए रेलवे ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाए हैं।
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
अगर आप 9 या 10 अक्टूबर को दिल्ली की यात्रा करने वाले हैं और ट्रेन का टिकट बुक करा चुके हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर चेक कर लें। ट्रेन रद्द होने पर सफर के लिए दूसरे विकल्प भी तलाश सकते हैं। ट्रेन से जुड़ी सही और अपडेटेड जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन की मदद लें।

