2020 में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में दिल्ली के दिव्यांग व 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग अब घर बैठे मतदान कर सकेंगे। चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार, ऐसे मतदाताओं की संख्या 2.26 लाख है। इस संख्या के चुनाव तक और बढ़ने की संभावना है। दिल्ली में इस तरह का यह प्रयोग पहली बार होने जा रहा है। दिल्ली से पहले झारखंड में चुनाव होने हैं, वहां भी कुछ हिस्सों में इसे शामिल किया गया है।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि चुनाव नियम, 1961 में संशोधन के बाद इन दो श्रेणी के मतदाताओं को यह सुविधा दी जा रही है। इसके लिए इन मतदाताओं को आयोग की PWD APP या मतदान केंद्र में जाकर पहले खुद को इसके लिए नामांकित करवाना होगा। चुनाव की तारीख की घोषणा के पांच दिन के भीतर उन्हें 12D फॉर्म भरकर देना होगा।
मतदाताओं के सत्यापन अभियान में कुल 91.16 फीसद मतदाताओं का सत्यापन किया गया है। कुल 13,34,313 मतदाता अपने बताए पते पर नहीं मिले। इसमें कुछ का निधन हो गया है और कुछ पुराने पते से स्थांतरित हो चुके हैं। अब BLO इस पर नजर रखेंगे और उनका दोबारा सत्यापन करेंगे। विधानसभा चुनावों में कुल 13750 पोलिंग बूथ और 2689 पोलिंग लोकेशन हैं। विगत लोकसभा चुनावों में 13819 पोलिंग बूथ थे। छोटे पोलिंग बुथ को आपस में मिला दिया गया है जिससे इस बार 69 बूथ कम हो गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी पार्टियों के राज्य, जिला, विधानसभा व बूथ स्तर पर प्रतिनिधि नियुक्त होते हैं, जो इस मसले पर आयोग के साथ समन्वय रखते हैं। अब पता बदलने पर नाम हटवाने के लिए मतदाता को ही फॉर्म भरकर देना होगा।
