अयोध्या के राम मंदिर में हुए चंदा चोरी के बीच यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बड़ा बयान दे दिया है. इसको लेकर अब विवाद शुरू होने की आशंका है. उन्होंने कहा, “जिन लोगों का पैसा चोरी हुआ है उन्होंने शायद सच्ची श्रद्धा से भगवान के मंदिर में अर्पित नहीं किया होगा इसलिए चोरी हुआ.”
उन्होंने आगे कहा, ” हमारा पैसा चोरी नहीं हुआ. हमारा पैसा मंदिर में लगा है और मंदिर का भव्य स्वरूप इस बात का प्रमाण है.” बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर सियासी घमासान लगातार जारी है और यह थमने का नाम नहीं ले रहा है.
चढ़ावा चोरी विवाद के आरोपियों की पुलिस रिमांड
उत्तर प्रदेश के अयोध्या की एक विशेष अदालत ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में मंगलवार को दो आरोपियों की 14 घंटे की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली. सूत्रों ने यह जानकारी दी.सूत्रों ने बताया कि अदालत ने जांच अधिकारी के सात दिन की पुलिस हिरासत के अनुरोध को खारिज कर दिया.
मामले के जांच अधिकारी आशुतोष तिवारी ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस रिमांड का अनुरोध किया था लेकिन अदालत ने 14 घंटे की हिरासत की अनुमति दी. सूत्रों ने बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए बुधवार सुबह करीब 7 बजे हिरासत में ले सकती है.
पुलिस ने आरोपियों से बरामद किया ये सामान
आरोपियों से पूछताछ के दौरान नकदी, सोना, निवेश संबंधी दस्तावेज और कथित रूप से चोरी की गयी रकम से खरीदे गए दो चारपहिया वाहन बरामद किए गए. सूत्रों ने दावा किया कि जांच में यह भी सामने आया कि कथित चोरी की गई राशि का एक हिस्सा ब्याज पर ऋण देने और शेयर बाजार में निवेश किया गया था.
बता दें कि राम मंदिर में करोड़ों रुपये की कथित चोरी का खुलासा हुआ है. इस बीच राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. फिलहाल इस मामले में एसआईटी द्वारा जांच की जा रही है.

