कांगो में हुए एक विमान हादसे में कम से कम 14 लोगों की जान चली गई। कांगो की सेना ने शुक्रवार को हादसे की पुष्टि की। मृतकों में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। सेना के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातालायी तिएंदे और लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की भी हादसे में मौत हुई है। तिएंदे सैन्य अदालत के प्रमुख थे, जबकि लिकुलिया सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल के पद पर कार्यरत थे।
हादसे में सेना के 2 बड़े अफसरों की मौत
दोनों जनरल अधिकारियों के अलावा, इस हादसे में प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और विमान के चालक दल के सदस्य भी मारे गए हैं।’
तकनीकी खराबी के बाद हुआ हादसा
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, विमान दक्षिण-पश्चिमी कांगो के किक्विट शहर से राजधानी किंशासा के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में तकनीकी खराबी आने के बाद विमान केंगे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान सवार सभी लोगों की मौत हो गई। सेना के प्रवक्ता एफोमी एकेंगे ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, कांगो के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड अध्यक्ष ट्रायफॉन किन-कीए मुलुंबा ने कहा कि फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पहले से सुरक्षा संकट से जूझ रहा है कांगो
यह विमान हादसा ऐसे वक्त हुआ है, जब कांगो पहले से ही गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है। देश की सेना कई सशस्त्र और विद्रोही संगठनों के खिलाफ अभियान चला रही है, खासकर पूर्वी कांगो में स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई है। इस क्षेत्र में कई विद्रोही समूह सक्रिय हैं, जिनमें रवांडा समर्थित एम23 सबसे प्रमुख है। पिछले साल एम23 के लगातार हमलों के बाद पूर्वी कांगो के कई अहम शहर उसके कब्जे में चले गए थे। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति और अधिक जटिल हो गई है।

