उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान बच्चे की मौत का मामला अब राजनीतिक विवाद बन गया है। इस घटना पर अखिलेश यादव की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने बच्चे की मौत पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि एक मासूम की हादसे में हुई मौत से सभी आहत हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी के लोगों को पीड़ित परिवार से मिलकर हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, अखिलेश ने इस मामले को लेकर बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर राजनीति कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने लखनऊ अग्निकांड का जिक्र करते हुए बीजेपी नेताओं के पुराने रवैये पर सवाल उठाए।
दरअसल, 18 नवंबर को गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी से जुड़े हादसे में एक किशोर की जान चली गई थी। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस घटना को लेकर सख्त कार्रवाई की बात कह चुके हैं। अब इस मामले पर सपा और बीजेपी के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

