डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2030 को हाइजैकिंग अलर्ट मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। पायलट की ओर से हाइजैकिंग का अलर्ट जारी किए जाने के बाद विमान की जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बोइंग 787-9 विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की, जिसके बाद उसे सुरक्षा जांच के लिए एयरपोर्ट के निर्धारित आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इस पूरे मामले की जांच विमानन नियामक DGCA कर रहा है।
आखिर कैसे एक्टिव हुआ सिग्नल 7500
•हाईजैक सिग्नल पर उठ रहे है सवाल
•गलती से हुआ सिग्नल एक्टिव या फिर तकनीकी समस्या
•एयर इंडिया फ्लाइट में हाईजैक सिग्नल के बाद इमरजेंसी लैंडिंग मामला।
•एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की हुई जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग।
•फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही थी यह फ्लाइट।
•सुबह 9:10 बजे कुछ सेकेंड के लिए हाईजैक सिग्नल हुआ जेनरेट।
•हालांकि तुरंत ही वापस लिया गया यह हाईजैक सिग्नल।
•प्रारंभिक पूछताछ में गलती से कोड जेनरेट होने की बात।
•पायलट ने खुद कोड जेनरेट करने से किया इनकार।
•विमान में तकनीकी खामी की सूचना दी।
•फिर जांच के लिए एयरक्राफ्ट मेंटिनेंस इंजीनियर भी बुलाए गए।
•अब DGCA जांच में ही हो सकेगा खुलासा।
•आखिर किसने जेनरेट किया हाईजैक का स्क्वैक 7500 कोड।
पायलट की गलती का संकेत
समाचार एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट के पायलट ने उड़ान के दौरान हाइजैक अलर्ट कोड का इस्तेमाल किया था। विमान जब मुंबई फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन (FIR) में था, तब पायलट ने स्क्वाक कोड 7500 एक्टिव कर दिया। यह कोड विमान के हाइजैक होने या उसमें गैर-कानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पायलट ने गलती से यह कोड दबा दिया था। अलर्ट मिलने के बाद विमान को जयपुर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अब सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान के दिल्ली के लिए रवाना होने की उम्मीद है।
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद दोनों पायलटों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतारकर उनकी और उनके सामान की गहन जांच शुरू की गई। मौके पर एयरपोर्ट सुरक्षा टीम, स्थानीय पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौजूद हैं। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है।

