जिस तेजी के साथ कोरोना वायरस भारत में फैल रहा है, ऐसे में हम ये कह सकते हैं कि भारत कोरोना संक्रमण की तीसरे स्टेज की दहलीज पर खड़ा है। लेकिन इस खतरनाक वायरस से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युद्ध स्तर पर तैयारी भी शुरू कर दी है। लगभग 30 राज्यों के 548 से ज्यादा जिलों को लॉकडाउन कर दिया गया है। भारत सरकार के प्रयासो की तारीफ विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी की है। WHO का कहना है कि कोरोना के प्रसार पर रोक लगाने के लिए भारत को अपनी आक्रामक कार्रवाई जारी रखनी चाहिए। आपको बता दें WHO के कार्यकारी निदेशक माइकल जे रेयान ने कहा कि भारत चीन जैसा बेहद घनी आबादी वाला देश है, ऐसे में जिस तरह के प्रयास भारत सरकार की ओर से किए जा रहे हैं उसकी तारीफ होनी चाहिए। माइकल जे रेयान ने आगे कहा कि ये वास्तव में बेहद महत्वपूर्ण है कि भारत सार्वजनिक स्वास्थ्य स्तर पर अपनी आक्रामक कार्रवाई को जारी रखे, उन्होंने आगे कहा कि भारत ने साइलेंट कीलर कही जाने वाली बिमारी स्मॉल पॉक्स और पोलियो के उन्मूलन में दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है।

